अवैध गिट्टी परिवहन पर प्रशासन का शिकंजा, 6 ट्रक पकड़े, माफियाओं में हड़कंप
शासन की मंशा के अनुरूप जिले में अवैध खनन और खनिज परिवहन के खिलाफ प्रशासन ने सख्त रुख अपनाते हुए बड़ी कार्रवाई की है...
चित्रकूट। शासन की मंशा के अनुरूप जिले में अवैध खनन और खनिज परिवहन के खिलाफ प्रशासन ने सख्त रुख अपनाते हुए बड़ी कार्रवाई की है। जिलाधिकारी पुलकित गर्ग के निर्देशन में चलाए जा रहे अभियान के तहत एसडीएम अजय यादव ने गिट्टी से लदे 6 ट्रकों को पकड़कर कोतवाली कर्वी और चौकी खोह पुलिस के सुपुर्द कर दिया। इस कार्रवाई से खनन माफियाओं में हड़कंप मच गया है।
जानकारी के अनुसार, एसडीएम अजय यादव नियमित क्षेत्रीय निरीक्षण पर निकले थे। इसी दौरान उन्हें संदिग्ध हालात में गिट्टी ले जा रहे 6 ट्रक दिखाई दिए। ट्रकों को रोककर जब जांच की गई तो वे बिना वैध दस्तावेजों के खनिज का परिवहन करते पाए गए। खासतौर पर वाहनों के पास अनिवार्य एमएम-11 (माइनिंग ट्रांजिट पास) उपलब्ध नहीं था, जो खनिज परिवहन के लिए आवश्यक होता है।
एसडीएम अजय यादव ने बताया कि बिना एमएम-11 के खनिज का परिवहन पूरी तरह अवैध है और ऐसे मामलों में सख्त कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने मौके पर ही सभी ट्रकों को कब्जे में लेकर संबंधित थानों को सौंप दिया, जहां आगे की कानूनी प्रक्रिया शुरू कर दी गई है।
प्रशासन ने साफ तौर पर कहा है कि जिले में अवैध खनन और परिवहन किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। संबंधित विभागों को निर्देश दिए गए हैं कि ऐसे मामलों में कठोर कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।
इस कार्रवाई के बाद क्षेत्र में अवैध खनन से जुड़े लोगों में भय का माहौल है। वहीं प्रशासन ने संकेत दिए हैं कि आगे भी इस तरह के अभियान लगातार चलाए जाएंगे, ताकि अवैध गतिविधियों पर पूरी तरह अंकुश लगाया जा सके।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Angry
0
Sad
0
Wow
0
