21 जून को महोबा आएंगे मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, पहली बार पैदल पहुंचेंगे सिद्ध बाबा मंदिर
अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर 21 जून को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ महोबा पहुंचेंगे। मुख्यमंत्री पहली बार गुरु गोरखनाथ की तपोभूमि गोरखगिरि...
गोरखगिरि पर्वत पर तैयारियां तेज, एडीजी, डीएम और एसपी ने सुरक्षा व्यवस्था का लिया जायजा
महोबा। अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर 21 जून को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ महोबा पहुंचेंगे। मुख्यमंत्री पहली बार गुरु गोरखनाथ की तपोभूमि गोरखगिरि पर्वत पर स्थित सिद्ध बाबा मंदिर में पहुंचकर पूजा-अर्चना करेंगे। मुख्यमंत्री के प्रस्तावित दौरे को लेकर जिला प्रशासन युद्धस्तर पर तैयारियों में जुटा हुआ है।
जानकारी के अनुसार मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ इससे पूर्व कई बार हेलीकॉप्टर से गोरखगिरि पर्वत की परिक्रमा कर चुके हैं, लेकिन इस बार वह पहली बार लगभग एक किलोमीटर लंबे पैदल मार्ग से होकर सिद्ध बाबा मंदिर तक पहुंचेंगे। मुख्यमंत्री का यह दौरा धार्मिक एवं आध्यात्मिक दृष्टि से विशेष महत्व का माना जा रहा है।
मुख्यमंत्री के आगमन को लेकर प्रशासन द्वारा सुरक्षा और अन्य व्यवस्थाओं को अंतिम रूप दिया जा रहा है। भीषण गर्मी के बावजूद अधिकारी और कर्मचारी दिनभर गोरखगिरि पर्वत क्षेत्र में व्यवस्थाओं को दुरुस्त करने में जुटे रहे।
शुक्रवार शाम एडीजी प्रयागराज जगदीश नारायण, जिलाधिकारी गजल भारद्वाज तथा पुलिस अधीक्षक शशांक सिंह ने गोरखगिरि पर्वत पर स्थित सिद्ध बाबा मंदिर पहुंचकर तैयारियों एवं सुरक्षा व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया। अधिकारियों ने संबंधित विभागों को आवश्यक दिशा-निर्देश भी दिए।
वहीं अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के मुख्य कार्यक्रम को लेकर मोदी ग्राउंड में भी तैयारियां जोरों पर चल रही हैं। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के आगमन को देखते हुए प्रशासनिक अमला किसी भी प्रकार की कमी न रहे, इसके लिए लगातार निगरानी कर रहा है।
जिला प्रशासन का कहना है कि मुख्यमंत्री के दौरे को लेकर सभी आवश्यक व्यवस्थाएं समय से पूर्ण कर ली जाएंगी तथा सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए गए हैं।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Angry
0
Sad
0
Wow
0
