दुर्गा प्रतिमा विसर्जन से पूर्व केंद्रीय पूजा समिति ने किया निरीक्षण, तैयारियों को दिया अंतिम रूप
आगामी 1 अक्टूबर को होने वाले दुर्गा प्रतिमाओं के विसर्जन को लेकर केंद्रीय दुर्गा पूजा महोत्सव समिति सक्रिय हो गई है...

बांदा। आगामी 1 अक्टूबर को होने वाले दुर्गा प्रतिमाओं के विसर्जन को लेकर केंद्रीय दुर्गा पूजा महोत्सव समिति सक्रिय हो गई है। मंगलवार को समिति के पदाधिकारियों और संरक्षकों ने शहर के प्रमुख मार्गों का भ्रमण करते हुए केन नदी विसर्जन स्थल का निरीक्षण किया और व्यवस्थाओं को अंतिम रूप दिया।
निरीक्षण दल में समिति के वरिष्ठ संरक्षक राजकुमार शिवहरे, अध्यक्ष अमित सेठ भोलू और महामंत्री/भाजपा जिलाध्यक्ष कल्लू सिंह राजपूत सहित अन्य पदाधिकारी शामिल रहे। समिति ने देवी प्रतिमाओं के निकलने वाले मार्गों का जायजा लिया और जिन स्थानों पर सड़कें गड्ढों से खराब थीं, उन्हें तत्काल दुरुस्त कराने के लिए नगर पालिका प्रशासन को निर्देशित किया।
केन नदी विसर्जन घाट पर चल रहे दुरुस्तीकरण कार्य का भी अवलोकन किया गया। समिति ने पानी की पर्याप्त व्यवस्था हेतु मशीनों से भराव सुनिश्चित करने, बरसात को देखते हुए मौरम के ऊपर लोहे की चादर बिछाने और भीड़ से बचाव के लिए प्रवेश एवं निकास हेतु अलग-अलग घाटों की व्यवस्था पर विशेष जोर दिया। साथ ही, विसर्जन स्थल पर रोशनी की पर्याप्त व्यवस्था किए जाने की भी पुष्टि की गई।
निरीक्षण से पूर्व समिति की बैठक आयोजित हुई, जिसमें देवी प्रतिमाओं के विसर्जन जुलूस को सुचारु रूप से निकालने के लिए रणनीति तय की गई। अध्यक्ष अमित सेठ भोलू ने स्पष्ट किया कि विसर्जन 1 अक्टूबर को ही होगा और लोगों को किसी प्रकार की भ्रांति न रहे।
इस अवसर पर समिति के संरक्षक प्रभाकर सिंह चंदेल, प्रकाश साहू, उत्तम सक्सेना, अभिषेक पांडेय, लखन राजपूत, गोपाल चंद्र अवस्थी, दिनेश दीक्षित, मनोज जैन, अंकित बासू, सुनील सक्सेना, संजय काकोनिया, पंकज रावत, सुनील गुप्ता (छोटे) सहित अन्य पदाधिकारी मौजूद रहे।
उधर, जिला प्रशासन ने भी विसर्जन की तैयारियों को लेकर सभी अधीनस्थों को निर्देश दिए हैं। जिलाधिकारी श्रीमती जे. रिभा और पुलिस अधीक्षक पलाश बंसल ने स्वयं केन नदी तट का निरीक्षण कर सभी व्यवस्थाओं को शीघ्र पूर्ण कराने का निर्देश दिया।
What's Your Reaction?






