ललितपुर और सोनभद्र से मानसून की दस्तक, रविवार तक झमाझम बारिश के आसार
पूरे यूपी में शुरू होगा बारिश का सिलसिला, तापमान में आएगी गिरावट , रविवार तक प्रदेश के कई हिस्सों में 25 से 30 मिमी. तक बारिश होने की संभावना है।

लखनऊ (हि.स.)। दक्षिण-पश्चिम मानसून ने उत्तर प्रदेश में दस्तक दे दी है। बुन्देलखण्ड के ललितपुर जिले और सोनभद्र से प्रवेश करते हुए मानसून तेजी से प्रदेश के अन्य हिस्सों की ओर बढ़ रहा है। मौसम विभाग के अनुसार आगामी तीन दिनों, यानी रविवार तक प्रदेश के कई हिस्सों में 25 से 30 मिमी. तक बारिश होने की संभावना है। इसके साथ ही तापमान में गिरावट और मौसम में ठंडक घुलने की उम्मीद जताई गई है।
तेजी से बढ़ रहा मानसून
चन्द्रशेखर आजाद कृषि एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय, कानपुर के मौसम वैज्ञानिक डॉ. एस. एन. सुनील पाण्डेय ने बताया कि अरब सागर और बंगाल की खाड़ी से आ रही नम हवाएं मानसून के आगे बढ़ने में सहायक बनी हुई हैं। अगले 24 घंटों में यह मानसून उत्तर अरब सागर, गुजरात के शेष हिस्सों, राजस्थान, मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़, बिहार और पूर्वी उत्तर प्रदेश में और आगे बढ़ सकता है।
बारिश के अनुकूल बनी स्थिति
डॉ. पाण्डेय के अनुसार दक्षिण बांग्लादेश और उससे सटे गंगीय पश्चिम बंगाल पर एक निम्न दबाव का क्षेत्र बना हुआ है, जिसकी ऊंचाई करीब 7.6 किमी तक फैली है। यह चक्रवाती परिसंचरण प्रणाली पश्चिम-उत्तर पश्चिम दिशा में तेजी से बढ़ रही है और आने वाले समय में और अधिक प्रभावशाली हो सकती है।
रुक-रुक कर होगी बारिश, रात में अधिक संभावना
मौसम विभाग के अनुसार अगले 24 से 48 घंटे के भीतर कानपुर मंडल सहित प्रदेश के अधिकांश जिलों में मानसून की वर्षा शुरू हो जाएगी। राजधानी लखनऊ तथा पूर्वी उत्तर प्रदेश के कुछ हिस्सों में बारिश पहले ही शुरू हो चुकी है। यह बारिश रुक-रुक कर होगी, विशेषकर रात्रि के समय वर्षा की संभावना अधिक है। दिन के समय बादलों की आवाजाही बनी रहेगी और हल्की धूप भी निकल सकती है, पर तापमान में बढ़ोत्तरी नहीं होगी।
तैयार रहें, मौसम करवट ले चुका है
मौसम वैज्ञानिकों की मानें तो अब प्रदेश भर में धीरे-धीरे बारिश का सिलसिला शुरू हो जाएगा और गर्मी से राहत मिलेगी। किसानों और आमजन के लिए यह राहत भरी खबर है। हालांकि, वर्षा के साथ ही बिजली गिरने की घटनाएं भी हो सकती हैं, लिहाजा सावधानी बरतने की सलाह दी गई है।
What's Your Reaction?






