महाशिवरात्रि : वीरांगना नगरी में हर-हर महादेव के जयघोष से गूंजे शिवालय

वीरांगना भूमि झांसी महानगर के शिवालय बुधवार को हर-हर महादेव के जयघोष से गुंजायमान हो उठे। ब्रह्म मुहूर्त से ही...

Feb 26, 2025 - 12:54
Feb 26, 2025 - 12:55
 0  2
महाशिवरात्रि : वीरांगना नगरी में हर-हर महादेव के जयघोष से गूंजे शिवालय

अभिषेक करने को लगी श्रद्धालुओं की कतारें, गांवों व कस्बों में बैठे श्रीरामचरितमानस के पाठ

झांसी। वीरांगना भूमि झांसी महानगर के शिवालय बुधवार को हर-हर महादेव के जयघोष से गुंजायमान हो उठे। ब्रह्म मुहूर्त से ही शिवालयों के बाहर महादेव के भक्तों की लंबी-लंबी कतारें देखने को मिली। हर भक्त अपने अंदाज में भगवान भोलेनाथ को मनाने का प्रयास करता दिखाई दिया। यह हाल महानगर का ही नहीं बल्कि जनपद के छोटे-बड़े कस्बों व गांवों में भी देखने को मिला। जहां लोगों ने शिवालयों पर रामचरितमानस का अखंड पाठ भी रखवाया। वहीं विभिन्न शिवालयों में शिव - पार्वती विवाह आयोजित हो रहा है। महानगर व जिले के कई शिव मंदिरों में शिव बारात निकालने की तैयारियां चल रही हैं। इसको देखते हुए यातायात व्यवस्था बनाए रखने को रूट डायवर्ट किये गए हैं।

महानगर झांसी में करीब 14 प्रसिद्ध शिवालय हैं। जहां श्रद्धालु अपने भोले को मनाने के लिए कभी अभिषेक, कभी कांवड़ से जल लेकर जलाभिषेक तो कभी बारात निकालकर यह उत्सव मना रहे हैं। इन शिवालयों में गोविंद चौराहे पर स्थित प्राचीन मढ़िया महाकालेश्वर मंदिर, ग्वालियर रोड स्थित सिद्धेश्वर महादेव मंदिर, बड़ागांव गेट बाहर राजा बाबा महादेव मंदिर, बड़ागांव गेट बाहर स्थित प्राचीन महाकालेश्वर महादेव मंदिर, दीक्षित बाग स्थित प्राचीन महादेव मंदिर, एवट मार्केट स्थित प्राचीन महादेव मंदिर, ऐतिहासिक दुर्ग के अंदर स्थित दुर्ग महादेव, बड़ागांव गेट बाहर स्थित प्राचीन महामृत्युंजय महादेव, कसाई मंडी स्थित प्राचीन महादेव, प्राचीन पंचमुखी महादेव मंदिर फूटा चोपड़ा सैयर गेट, प्राचीन झरनापति महादेव झरना गेट, पानी वाली धर्मशाला स्थित हजारिया महादेव, गोपाल की बगिया स्थित भूतनाथ महादेव मंदिर और सुभाष गंज छनिया पुरा स्थित प्राचीन महादेव मंदिर प्रमुख हैं। जहां भक्त अपने मनोरथ सिद्ध करने के लिए महादेव का विभिन्न वस्तुओं से अभिषेक कर रहे हैं।

हिन्दुस्थान समाचार

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Angry Angry 0
Sad Sad 0
Wow Wow 0