धूमधाम से निकली राजाधिराज मत्तगजेंद्रनाथ सरकार की बारात

महाशिवरात्रि पर्व पर धूमधाम से राजाधिराज मत्तगजेंद्रनाथ सरकार की बारात निकली। जबलपुर का बैंड और शहनाई तथा प्रयागराज से आई...

Feb 16, 2026 - 09:55
Feb 16, 2026 - 09:56
 0  4
धूमधाम से निकली राजाधिराज मत्तगजेंद्रनाथ सरकार की बारात

जबलपुर का बैंड व शहनाई तथा प्रयागराज की झांकी रही आकर्षण का केंद्र

चित्रकूट। महाशिवरात्रि पर्व पर धूमधाम से राजाधिराज मत्तगजेंद्रनाथ सरकार की बारात निकली। जबलपुर का बैंड और शहनाई तथा प्रयागराज से आई झांकी आकर्षण का केंद्र रही। चार प्रहर की महाआरती, रतजगा और अनुष्ठानों का दौर जारी रहा। बुंदेली सेना नें फूलों की जोरदार वर्षा करके बारात का जयपुरिया तिराहे में स्वागत किया और पंचमेवा व बूंदी का प्रसाद वितरित किया।

मंदिर ट्रस्ट के कार्यकारी अध्यक्ष प्रदीप दास महराज ने बताया कि महाशिवरात्रि पर मंदिर की फूलों से भव्य सजावट की गई। भोर से ही जलाभिषेक का दौर शुरू हुआ और हर-हर बम-बम के जयकारे गूँजते रहे। भजनों की बयार बही। दोपहर से वृहद फलाहारी भण्डारे का दौर चला और शाम चार बजे रामघाट से राजाधिराज सरकार की बारात निकली। बारात में अखाडो के निशान, संत महंत, प्रयागराज की झांकी, जबलपुर का बैंड, हांथी घोड़े और रथ में सवार दूल्हा सरकार आकर्षण के केंद्र रहें। बारात रामघाट से जयपुरिया तिराहा होते हुए पुराना सीतापुर बस स्टाप, चौगलिया से रामघाट पहुंची। मंदिर के प्रधान पुजारी विपिन बिहारी महराज ने बताया कि महाशिवरात्रि पर्व पर शाम 8.30 बजे पहली महाआरती, इसके बाद रात्रि 11.30 बजे दूसरी, 2 बजे तीसरी और तड़के 4 बजे मंगला आरती हुई। जबलपुर की शहनाई मंदिर में गूंजती रही और पूरी रात भजन, कीर्तन, अनुष्ठान और रतजगा का दौर चला।

बुंदेली सेना के जिलाध्यक्ष अजीत सिंह ने बताया कि पिछले करीब एक दशक से चली आ रही परम्परा के अनुसार उनकी टीम द्वारा जयपुरिया तिराहे में राजाधिराज मत्तगजेंद्रनाथ सरकार की बारात का स्वागत किया गया। बारात पर फूलों की वर्षा अंकित पहारिया द्वारा कराई गई। 51 किलो पंचमेवा प्रसाद का वितरण किया गया। 51 किलो बूंदी और भांग प्रसाद जानकी शरण सिंह नें वितरित किया। स्वागत में जानकी शरण गुप्ता, कर्वी माफी प्रधान प्रतिनिधि बद्री सिंह पटेल, अतुल सिंह, वीपी पटेल, कमल सिंह, अशोक सिंह, संजय सोनी आदि अन्य भक्तजन मौजूद रहे।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Angry Angry 0
Sad Sad 0
Wow Wow 0