वर्दी पहने नहीं मिले सफाई कर्मियों के एक दिन का रोका वेतन
नगर पालिका परिषद अंतर्गत प्रभारी अधिकारी स्थानीय निकाय अरुण कुमार ने नगर के विभिन्न वार्डों का औचक निरीक्षण किया...
वार्डो का प्रभारी अधिकारी ने किया निरीक्षण
चित्रकूट। नगर पालिका परिषद अंतर्गत प्रभारी अधिकारी स्थानीय निकाय अरुण कुमार ने नगर के विभिन्न वार्डों का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान पटेल चौक से नगर पालिका परिषद कार्यालय, चित्रकूटधाम तक कोई भी सफाई कर्मचारी कार्यरत नहीं पाया गया। साथ ही पुरानी कोतवाली चौराहा के पास सफाई कार्य में लगे कर्मचारी अनुज एवं बृजेश बिना निर्धारित वर्दी के पाए गए। इस पर प्रभारी अधिकारी ने संबंधित कर्मचारियों का एक दिन का वेतन रोके जाने के निर्देश दिए। भविष्य में ऐसी पुनरावृत्ति न होने की सख्त चेतावनी दी गई।
रामपुरी एवं भारतपुरी वार्ड में डोर टू डोर कचरा कलेक्शन व्यवस्था का जायजा लिया। सफाई निरीक्षक को निर्देशित किया गया कि सभी डोर टू डोर वाहनों में अनिवार्य रूप से नंबर प्लेट लगाना सुनिश्चित करें। सफाई एवं खाद्य निरीक्षक कमलाकांत शुक्ला को निर्देश दिए कि शत प्रतिशत डोर टू डोर कलेक्शन स्रोत पर पृथक्करण के साथ समयबद्ध रूप से सुनिश्चित कराया जाए। पुरानी बाजार में सफाई व्यवस्था संतोषजनक पाई गई। पुरानी कोतवाली स्थित स्ट्रीट वेंडर जॉन को पटरी से ऊपर दुकान न लगाने तथा पॉलिथीन का प्रयोग न करने के लिए निर्देशित किया गया। साथ ही कर निरीक्षक एवं सफाई एवं खाद्य निरीक्षक को निर्देश दिए गए कि नगर क्षेत्र में सफाई उपरांत यदि कोई दुकानदार कचरा बाहर फेंकता या रखता पाया जाता है तो उसके विरुद्ध जुर्माना की कार्रवाई की जाए। धनुष चौराहे के निरीक्षण के दौरान ग्रिलिंग टूटी एवं गंदी पाई गई। अवर अभियंता शुभम तिवारी को निर्देशित किया गया कि शीघ्र एस्टीमेट तैयार कर टूटी हुई ग्रिल को दुरुस्त कराया जाए। साथ ही सफाई निरीक्षक को वहां समुचित सफाई व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। नगर पालिका परिषद में प्राप्त आईजीआरएस शिकायतों के निस्तारण के लिए अधिशासी अधिकारी को निर्देशित किया गया। इस मौके पर सफाई एवं खाद्य निरीक्षक कमलाकांत शुक्ला, जिला कार्यक्रम प्रबंधक शिवा कुमार, सफाई नायक एवं अन्य कर्मचारी उपस्थित रहे।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Angry
0
Sad
0
Wow
0
