जन समस्याओं के निस्तारण में नहीं हो लापरवाही : आयुक्त
मंडलायुक्त अजीत कुमार ने मंगलवार को तहसील कर्वी, नगर पालिका, विकासखंड कार्यालय तथा ग्राम रौली कल्याणपुर का निरीक्षण कर विभिन्न...
तहसील कर्वी, नगर पालिका, ब्लाक कार्यालय का किया निरीक्षण
रौली कल्याणपुर गांव में चौपाल लगा सुनी समस्याएं
चित्रकूट। मंडलायुक्त अजीत कुमार ने मंगलवार को तहसील कर्वी, नगर पालिका, विकासखंड कार्यालय तथा ग्राम रौली कल्याणपुर का निरीक्षण कर विभिन्न व्यवस्थाओं एवं संचालित शासकीय योजनाओं की प्रगति का जायजा लिया। इस दौरान परिसर में साफ सफाई, पेयजल, बैठने की व्यवस्था, जन प्रसाधन एवं वाहन पार्किंग की व्यवस्था संतोषजनक पाई गई।
तहसील कर्वी के निरीक्षण के दौरान उपस्थित उपजिलाधिकारी को निर्देशित किया गया कि पीठासीन अधिकारी नियमित रूप से बैठकर राजस्व वादों का गुणवत्तापूर्ण निस्तारण करें तथा तीन वर्ष से अधिक समय से लंबित वादों का नियमानुसार एवं प्राथमिकता के आधार पर निस्तारण सुनिश्चित किया जाए। साथ ही पारित निर्णयों को आरसीएमएस पोर्टल पर नियमित रूप से अपलोड करने एवं राजस्व कर्मियों के कार्यों की सतत समीक्षा करने के निर्देश दिए गए। अभिलेखों के सुव्यवस्थित रखरखाव, वादकारियों की सुविधा एवं पारदर्शिता बनाए रखने पर भी विशेष बल दिया गया। इसके उपरांत नगर पालिका कर्वी के निरीक्षण में साफ सफाई, पेयजल, बैठने की व्यवस्था एवं पार्किंग व्यवस्था संतोषजनक पाई गई। अधिशासी अधिकारी को निर्देशित किया गया कि नगर क्षेत्र में नियमित रूप से नालियों एवं सड़कों की सफाई, स्ट्रीट लाइटों का रखरखाव, एंटी लार्वा फॉगिंग, ठोस अपशिष्ट प्रबंधन एवं कूड़ा संग्रहण की प्रभावी निगरानी की जाए। साथ ही ऑफलाइन एवं ऑनलाइन प्राप्त जन शिकायतों का समयबद्ध, पारदर्शी एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित करते हुए शिकायतों की नियमित मॉनिटरिंग की जाए।
विकासखंड कर्वी कार्यालय के निरीक्षण में समस्त अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित पाए गए। परिसर की व्यवस्थाएं संतोषजनक रहीं। विशेष प्रगाढ़ पुनरीक्षण के अंतर्गत नोटिस सुनवाई कार्य की समीक्षा करते हुए बताया गया कि नोटिसों की सुनवाई की जा रही है। खंड विकास अधिकारी को निर्देशित किया गया कि अवशेष नोटिसों के निस्तारण के लिए विस्तृत कार्य योजना बनाकर समयबद्ध सुनवाई सुनिश्चित करें। साथ ही प्रधानमंत्री आवास योजना, मुख्यमंत्री आवास योजना, गौशाला संचालन, मनरेगा तथा स्वच्छ भारत मिशन सहित अन्य विकास योजनाओं की नियमित समीक्षा कर लाभार्थियों को समय से लाभान्वित कराया जाए। सभी शासकीय कर्मचारियों के अवकाश संबंधी प्रार्थना पत्र मानव संपदा पोर्टल के माध्यम से निस्तारित किए जाएं तथा सभी पत्रावलियां ई-ऑफिस के माध्यम से संचालित हों, कोई भी पत्रावली भौतिक रूप से सृजित न की जाए। दिव्यांग, निराश्रित एवं वृद्ध व्यक्तियों का चिन्हांकन कर उन्हें सरकार की महत्वाकांक्षी योजनाओं से लाभान्वित कराया जाए। कहा कि नियमानुसार भुगतान करें। किसी भी प्रकार की वित्तीय अनियमितता पाए जाने पर संबंधित के विरुद्ध कठोर कार्रवाई की जाएगी।
ग्राम रौली कल्याणपुर में आयोजित ग्राम चौपाल में आयुक्त द्वारा जन समस्याओं को गंभीरता से सुना गया। ग्रामीणों द्वारा पेयजल आपूर्ति न होने की शिकायत की गई। जिस पर जल निगम विभाग के अधिकारी ने अवगत कराया कि ग्राम में पाइप लाइन बिछाने का कार्य निर्माणाधीन है जो 20 मार्च तक पूर्ण हो जाएगा। निर्देशित किया गया कि अवशेष निर्माण कार्य शीघ्र पूर्ण कराकर नियमित पेयजल आपूर्ति सुनिश्चित की जाए। साथ ही ग्रामीणों द्वारा एक बारात घर एवं मोक्षधाम की मांग किए जाने पर जिला पंचायतराज अधिकारी को दोनों के प्रस्ताव नियमानुसार तैयार कर शासन को प्रेषित करने के निर्देश दिए गए। अंत में उपस्थित अधिकारियों को निर्देशित किया गया कि पात्र व्यक्तियों को सरकार की योजनाओं से लाभान्वित कराया जाए। निरीक्षण के दौरान आयुक्त ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि सभी कार्यालयों में जनसुविधाओं को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जाए। शिकायतों का निस्तारण निर्धारित समय सीमा में करें।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Angry
0
Sad
0
Wow
0
