डीएम एवं आकांक्षा समिति अध्यक्ष ने आरसेटी में ब्यूटी पार्लर, सिलाई प्रशिक्षण का किया शुभारंभ
इंडियन बैंक द्वारा संचालित ग्रामीण स्वरोजगार प्रशिक्षण संस्थान आरसेटी में शुक्रवार को ब्यूटी पार्लर एवं महिला सिलाई प्रशिक्षण कार्यक्रम...
चित्रकूट। इंडियन बैंक द्वारा संचालित ग्रामीण स्वरोजगार प्रशिक्षण संस्थान आरसेटी में शुक्रवार को ब्यूटी पार्लर एवं महिला सिलाई प्रशिक्षण कार्यक्रम का शुभारंभ डीएम पुलकित गर्ग एवं अध्यक्ष आकांक्षा समिति चारु चांदवानी द्वारा दीप प्रज्ज्वलित कर किया गया। इस अवसर पर जिलाधिकारी एवं अध्यक्ष ने संस्थान परिसर में पूर्व प्रशिक्षित प्रशिक्षणार्थियों द्वारा निर्मित उत्पादों के स्टालों का अवलोकन किया। प्रदर्शित उत्पादों में अगरबत्ती, समरानी धूप, कॉस्ट्यूम ज्वेलरी, अचार-पापड, डिटर्जेंट, सॉफ्ट टॉयज एवं सिलाई उत्पाद प्रमुख रहे। जिलाधिकारी ने विशेष रूप से हवन स्टैंड उत्पाद की सराहना करते हुए सुझाव दिया कि ऐसे नवाचारी उत्पादों को जनपद के आधिकारिक कार्यक्रमों में अतिथियों को स्मृति चिन्ह के रूप में भेंट किए जाने पर विचार किया जाए।
प्रशिक्षणार्थियों को संबोधित करते हुए जिलाधिकारी ने कहा कि वर्तमान समय में कौशल विकास स्वरोजगार एवं आत्मनिर्भरता की आधारशिला है। उन्होंने प्रशिक्षण कार्यक्रम में विवाहित महिलाओं की सक्रिय सहभागिता की सराहना करते हुए इसे महिला सशक्तिकरण की दिशा में महत्वपूर्ण पहल बताया। उन्होंने कहा कि यदि किसी एक ग्राम पंचायत से 10 महिलाएं सिलाई प्रशिक्षण प्राप्त करती हैं, तो वहां विशेष सिलाई केंद्र स्थापित किए जाने पर विचार किया जाएगा। मुख्यमंत्री युवा स्वरोजगार योजना की जानकारी देते हुए बताया कि योजना के अंतर्गत 5 लाख तक के ऋण की सुविधा उपलब्ध है तथा ऋण अदायगी के लिए चार वर्ष की समयावधि प्रदान की जाती है। उन्होंने प्रशिक्षणार्थियों से योजनाओं का लाभ उठाकर स्वरोजगार स्थापित करने का आह्वान किया। निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने प्रशिक्षणार्थियों के खान-पान, सुरक्षा एवं आवासीय व्यवस्थाओं का जायजा लिया। पोषण स्तर सुधारने को भोजन में प्रोटीनयुक्त आहार सम्मिलित किए जाने के निर्देश दिए। उन्होंने परिवार नियोजन के महत्व पर भी बल देते हुए छोटे एवं सुसंगठित परिवार की अवधारणा अपनाने की अपील की। डीएम ने संस्थान की कंप्यूटर लैब, शयन कक्ष एवं मेस का निरीक्षण करते हुए विद्युत समस्या के स्थायी समाधान के लिए परिसर में सोलर पैनल स्थापित किए जाने के निर्देश दिए। इसके लिए निदेशक आरसेटी को क्रिटिकल गैप फंड से बजट उपलब्ध कराने को आवश्यक पत्राचार करने को कहा गया। साथ ही परिसर की स्वच्छता बनाए रखने तथा जर्जर कक्षों के रंगरोगन एवं मरम्मत कार्य शीघ्र पूर्ण कराने के निर्देश भी दिए गए। अध्यक्षा आकांक्षा समिति चारु चांदवानी ने प्रशिक्षणार्थियों का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि सीखने की प्रक्रिया निरंतर चलने वाली प्रक्रिया है तथा स्वरोजगार के माध्यम से महिलाएं आत्मनिर्भर बनकर जनपद एवं समाज के विकास में महत्वपूर्ण योगदान दे सकती हैं। इस अवसर पर अग्रणी जिला प्रबंधक इंडियन बैंक अनुराग शर्मा, निदेशक आरसेटी सहित संबंधित विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Angry
0
Sad
0
Wow
0
