तिरंगे के रंग में रंगा बाँदा, स्कूली बच्चों ने निकाली भव्य तिरंगा यात्रा

आजादी के जश्न की उमंग में मंगलवार सुबह शहर देशभक्ति के रंग में सराबोर हो गया, जब स्कूली छात्र-छात्राओं ने बड़े ही उत्साह और जोश के साथ तिरंगा...

Aug 12, 2025 - 14:39
Aug 12, 2025 - 14:44
 0  35
तिरंगे के रंग में रंगा बाँदा, स्कूली बच्चों ने निकाली भव्य तिरंगा यात्रा

बांदा। आजादी के जश्न की उमंग में मंगलवार सुबह शहर देशभक्ति के रंग में सराबोर हो गया, जब स्कूली छात्र-छात्राओं ने बड़े ही उत्साह और जोश के साथ तिरंगा रैली निकाली। “वंदे मातरम” और “भारत माता की जय” के गगनभेदी नारों से शहर की गलियां गूंज उठीं।

जिला प्रशासन द्वारा आयोजित भव्य एवं विशाल तिरंगा यात्रा का शुभारंभ आज प्रातः 8:00 बजे पुलिस लाइन, बांदा से हुआ। चित्रकूटधाम मंडल के आयुक्त अजीत कुमार ने हरी झंडी दिखाकर यात्रा को रवाना किया। यात्रा पुलिस लाइन से प्रारंभ होकर विकास भवन, महाराणा प्रताप चौराहा, पं. जेएन पीजी कॉलेज होते हुए पुनः पुलिस लाइन में संपन्न हुई।

तिरंगा यात्रा में जिला एवं पुलिस प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारी — पुलिस उप महानिरीक्षक राजेश एस, जिलाधिकारी जे. रीभा, पुलिस अधीक्षक पलाश बंसल, एएसपी माविस टक, एएसपी शिवराज, नगर मजिस्ट्रेट संदीप केला, एसडीएम सदर नमन मेहता, क्षेत्राधिकारी पीयूष पांडेय — के साथ नगर पालिका अध्यक्ष मालती बासु गुप्ता, भाजपा जिलाध्यक्ष कल्लू सिंह राजपूत, समाजसेवी अमित सेठ भोलू और अन्य गणमान्यजन शामिल रहे।

रैली में राजकीय इंटर कॉलेज, आर्य कन्या इंटर कॉलेज, आदर्श बजरंग इंटर कॉलेज, आदर्श शिक्षा निकेतन, खानखाह इंटर कॉलेज, राजकीय बालिका इंटर कॉलेज सहित विभिन्न विद्यालयों के सैकड़ों छात्र-छात्राएं व अध्यापक भी मौजूद रहे। यात्रा के दौरान जगह-जगह लोगों ने फूल बरसाकर प्रतिभागियों का स्वागत किया।

देशभक्ति गीतों और नारों के बीच यह तिरंगा यात्रा शहरवासियों के लिए आजादी के गौरवशाली इतिहास की याद ताजा कर गई।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Angry Angry 0
Sad Sad 0
Wow Wow 0