5 दिसम्बर को दिल्ली कूच करेंगे हजारों शिक्षक, बारह राज्यों से जुटेगा शक्ति प्रदर्शन

उत्तर प्रदेशीय प्राथमिक शिक्षक संघ, इकाई बांदा की एक महत्वपूर्ण बैठक राजा देवी डिग्री कॉलेज के सभागार में जिलाध्यक्ष आशुतोष त्रिपाठी...

Nov 17, 2025 - 14:13
Nov 17, 2025 - 14:15
 0  13
5 दिसम्बर को दिल्ली कूच करेंगे हजारों शिक्षक, बारह राज्यों से जुटेगा शक्ति प्रदर्शन

बांदा। उत्तर प्रदेशीय प्राथमिक शिक्षक संघ, इकाई बांदा की एक महत्वपूर्ण बैठक राजा देवी डिग्री कॉलेज के सभागार में जिलाध्यक्ष आशुतोष त्रिपाठी की अध्यक्षता में संपन्न हुई। बैठक में निर्णय लिया गया कि पांच दिसम्बर को दिल्ली के रामलीला मैदान में टीचर्स फेडरेशन ऑफ इंडिया के बैनर तले बारह राज्यों से अधिक राज्यों के शिक्षक एकत्रित होकर अपनी मांगों के समर्थन में शक्ति प्रदर्शन करेंगे।

जिला मंत्री प्रजीत सिंह ने बैठक को संबोधित करते हुए कहा कि शिक्षकों की भर्ती पूर्व निर्धारित सेवा शर्तों पर हुई थी। बीस वर्ष पुरानी भर्ती प्रक्रिया को आज के परिप्रेक्ष्य में परखना अनुचित है। भारत सरकार और माननीय उच्चतम न्यायालय को जमीनी सच्चाई समझने की आवश्यकता है।

वरिष्ठ उपाध्यक्ष रमाशंकर यादव ने कहा कि टीचर्स फेडरेशन ऑफ इंडिया के राष्ट्रीय अध्यक्ष डॉ. दिनेश चंद्र शर्मा के नेतृत्व में हजारों शिक्षक दिल्ली कूच करेंगे। उत्तर प्रदेशीय प्राथमिक शिक्षक संघ के प्रदेश नेतृत्व द्वारा ब्लॉकवार शिक्षक संख्या निर्धारित की गई है। जनपद बांदा से 500 शिक्षकों का लक्ष्य निर्धारित किया गया है, लेकिन संख्या इससे कहीं अधिक होगी।

संयुक्त मंत्री जय किशोर दीक्षित ने संघर्ष के इस दौर में एकजुट होकर प्रतिभाग करने का आह्वान किया।

निरीक्षण में कमियां खोजने की संस्कृति पर नाराजगी

जिलाध्यक्ष आशुतोष त्रिपाठी ने कहा कि जनपद में अधिकारी निरीक्षण के दौरान अच्छा कार्य करने वाले शिक्षक की कभी चर्चा नहीं करते और न ही मीडिया में अच्छे कार्य दिखाए जाते हैं। निरीक्षण का उद्देश्य केवल कमियां ढूंढना बन गया है। क्या प्रशासनिक अधिकारी कभी अच्छे विद्यालयों की सराहना या सम्मान करते हैं?

उन्होंने कहा कि जनपद का 95 प्रतिशत शिक्षक समय से विद्यालय पहुंचता है। 90 प्रतिशत से अधिक शिक्षक बीएलओ ड्यूटी में लगे हुए हैं, जबकि अन्य विभाग अपने कार्मिकों को इससे मुक्त रखते हैं। अधिकारियों को यह नहीं दिखता कि उपजिलाधिकारी कार्यालयों में तैनात लिपिक बीएलओ ड्यूटी लगाने व हटाने का खेल खेलते हैं। जिला प्रशासन शिक्षकों के साथ दोयम दर्जे का व्यवहार कर रहा है।

उन्होंने चेतावनी दी कि शिक्षकों के सम्मान और अधिकारों की लड़ाई मजबूती से लड़ी जाएगी। किसी भी शिकायत या वीडियो के आधार पर कार्रवाई से पहले निष्पक्ष जांच आवश्यक है।

बैठक में मौजूद रहे

बैठक में जिला मंत्री प्रजीत सिंह, जिला कोषाध्यक्ष रामसुफल कश्यप, वरिष्ठ उपाध्यक्ष रमाशंकर यादव, संयुक्त मंत्री जय किशोर दीक्षित, सभी ब्लॉक अध्यक्ष, मंत्री, ब्लॉक संघर्ष समिति के पदाधिकारी, तहसील प्रभारी एवं सह प्रभारी सहित समस्त जनपदीय पदाधिकारी एवं मातृ शक्ति उपस्थित रहीं।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Angry Angry 0
Sad Sad 0
Wow Wow 0