मंडलायुक्त ने सड़क सुरक्षा को लेकर दिए सख्त निर्देश, ब्लैक स्पॉट्स सुधारने और ओवरलोड वाहनों पर कार्रवाई के आदेश

मंडलायुक्त चित्रकूटधाम मंडल अजीत कुमार की अध्यक्षता में आयुक्त सभागार में मण्डलीय सड़क सुरक्षा समिति की द्वितीय बैठक आयोजित की गई...

Jun 18, 2026 - 15:58
Jun 18, 2026 - 16:00
 0  9
मंडलायुक्त ने सड़क सुरक्षा को लेकर दिए सख्त निर्देश, ब्लैक स्पॉट्स सुधारने और ओवरलोड वाहनों पर कार्रवाई के आदेश

चित्रकूटधाम मंडल की सड़क सुरक्षा समिति की बैठक में दुर्घटनाएं कम होने पर संतोष, जागरूकता और प्रवर्तन पर जोर

बांदा। मंडलायुक्त चित्रकूटधाम मंडल अजीत कुमार की अध्यक्षता में आयुक्त सभागार में मण्डलीय सड़क सुरक्षा समिति की द्वितीय बैठक आयोजित की गई। बैठक में सड़क दुर्घटनाओं की समीक्षा करते हुए बताया गया कि गत वर्ष की तुलना में दुर्घटनाओं, मृतकों और घायलों की संख्या में कमी आई है। इस पर संतोष व्यक्त करते हुए मंडलायुक्त ने सड़क सुरक्षा संबंधी नियमों का कड़ाई से पालन कराने और जनजागरूकता अभियान तेज करने के निर्देश दिए।

बैठक में परिवहन निगम के चालकों का नियमित स्वास्थ्य एवं नेत्र परीक्षण कराने, नशे की जांच के लिए ब्रेथ एनालाइजर का प्रयोग सुनिश्चित करने तथा बुंदेलखंड एक्सप्रेस-वे पर स्पीड कैमरे और एएनपीआर कैमरे स्थापित करने के निर्देश दिए गए। दोपहिया वाहन चालकों के लिए हेलमेट की अनिवार्यता तथा ट्रिपल राइडिंग पर रोक को प्रभावी ढंग से लागू करने पर भी जोर दिया गया।

मंडलायुक्त ने एक्सप्रेस-वे पर आवारा पशुओं को हटाने, जीरो फैटेलिटी डिस्ट्रिक्ट योजना के तहत चिन्हित स्थलों का निरीक्षण करने तथा मंडल के चारों जिलों में चिन्हित 50 ब्लैक स्पॉट्स पर सुधारात्मक कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने स्कूल वाहनों के फिटनेस और परमिट की समीक्षा कर 10 दिनों के भीतर सभी वाहनों को अद्यतन कराने तथा बिना अनुमति संचालित वाहनों के खिलाफ कार्रवाई के आदेश भी दिए।

बैठक में फिटनेस समाप्त एम्बुलेंसों की जांच, गुड सेमेरिटन नागरिकों को सम्मानित करने, ओवरलोड वाहनों, बिना एचएसआरपी और धुंधली नंबर प्लेट वाले वाहनों के विरुद्ध विशेष अभियान चलाने पर भी चर्चा हुई। मंडलायुक्त ने कहा कि सड़क सुरक्षा को जन आंदोलन का रूप देकर दुर्घटनाओं में और अधिक कमी लाने के लिए सभी विभागों को समन्वय के साथ कार्य करना होगा।

बैठक में संभागीय परिवहन अधिकारी सौरभ कुमार, संभागीय परिवहन अधिकारी (प्रवर्तन) उदयवीर सिंह, मुख्य अभियंता लोक निर्माण विभाग महेन्द्र प्रताप सिंह, एआरटीओ बांदा श्याम लाल, अपर पुलिस अधीक्षक शिवराज सिंह सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Angry Angry 0
Sad Sad 0
Wow Wow 0