कृषि मंत्री सूर्य प्रताप शाही ने बांदा कृषि विश्वविद्यालय में 26.84 करोड़ की आवासीय परियोजनाओं का किया लोकार्पण

उत्तर प्रदेश के कृषि, कृषि शिक्षा एवं कृषि अनुसंधान मंत्री सूर्य प्रताप शाही ने गुरुवार को बांदा कृषि एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय का दौरा कर लगभग 26.84 करोड़ रुपये की...

Jul 2, 2026 - 16:52
Jul 2, 2026 - 16:53
 0  39
कृषि मंत्री सूर्य प्रताप शाही ने बांदा कृषि विश्वविद्यालय में 26.84 करोड़ की आवासीय परियोजनाओं का किया लोकार्पण

54 नए आवासीय भवनों का उद्घाटन, निर्माण कार्यों की समीक्षा कर गुणवत्ता और समयबद्धता के दिए निर्देश

बांदा। उत्तर प्रदेश के कृषि, कृषि शिक्षा एवं कृषि अनुसंधान मंत्री सूर्य प्रताप शाही ने गुरुवार को बांदा कृषि एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय का दौरा कर लगभग 26.84 करोड़ रुपये की लागत से निर्मित 54 आवासीय भवनों का लोकार्पण किया। इस दौरान उन्होंने विश्वविद्यालय में संचालित विभिन्न निर्माण परियोजनाओं की समीक्षा करते हुए कार्यदायी संस्थाओं को निर्धारित समय-सीमा के भीतर उच्च गुणवत्ता के साथ सभी कार्य पूर्ण करने के निर्देश दिए।

कार्यक्रम की शुरुआत में विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. एस. वी. एस. राजू ने मंत्री का स्वागत करते हुए विश्वविद्यालय के विकास में उनके सहयोग और मार्गदर्शन के लिए आभार व्यक्त किया। मंत्री ने सी. एंड डी. एस. द्वारा निर्मित 36 टाइप-3 आवास तथा यू.पी.पी.सी.एल. द्वारा निर्मित 18 टाइप-4 आवासीय भवनों का लोकार्पण किया।

इस अवसर पर कृषि मंत्री ने कहा कि आधुनिक आधारभूत संरचना कृषि शिक्षा, अनुसंधान और नवाचार को नई दिशा प्रदान करती है। उन्होंने कहा कि बांदा कृषि विश्वविद्यालय बुंदेलखंड के किसानों के लिए रीढ़ की हड्डी के समान है और यहां होने वाले अनुसंधान एवं विकास कार्यों का सीधा लाभ किसानों और ग्रामीण क्षेत्र को मिलना चाहिए।

लोकार्पण के बाद आयोजित समीक्षा बैठक में विश्वविद्यालय के वरिष्ठ अधिकारियों एवं विभिन्न निर्माण एजेंसियों के प्रतिनिधियों ने भाग लिया। मंत्री ने सभी निर्माण कार्यों को समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण ढंग से पूरा करने, विश्वविद्यालय प्रशासन और निर्माण एजेंसियों के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करने तथा तकनीकी एवं प्रशासनिक बाधाओं का त्वरित समाधान सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

बैठक के अंत में कुलपति प्रो. एस. वी. एस. राजू ने मंत्री को विश्वास दिलाया कि उनके सभी निर्देशों का पूर्ण पालन किया जाएगा तथा विश्वविद्यालय को कृषि शिक्षा, अनुसंधान एवं नवाचार के क्षेत्र में देश के अग्रणी संस्थानों में स्थापित करने के लिए निरंतर प्रयास किए जाएंगे।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Angry Angry 0
Sad Sad 0
Wow Wow 0