सटीक आंकड़े, सशक्त बांदा : स्वगणना अभियान के पहले दिन जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों ने किया जनभागीदारी का आह्वान

जनपद में गुरुवार से ऐतिहासिक “स्वगणना अभियान” का शुभारंभ हो गया। अभियान के पहले दिन जनप्रतिनिधियों और प्रशासनिक अधिकारियों ने संयुक्त...

May 7, 2026 - 18:26
May 7, 2026 - 18:31
 0  9
सटीक आंकड़े, सशक्त बांदा : स्वगणना अभियान के पहले दिन जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों ने किया जनभागीदारी का आह्वान

7 मई से 21 मई तक चलेगा अभियान, सुबह 6 बजे से रात 12 बजे तक कर सकेंगे स्वगणना

बांदा। जनपद में गुरुवार से ऐतिहासिक “स्वगणना अभियान” का शुभारंभ हो गया। अभियान के पहले दिन जनप्रतिनिधियों और प्रशासनिक अधिकारियों ने संयुक्त रूप से नागरिकों से इस डिजिटल पहल में बढ़-चढ़कर भाग लेने की अपील की। अभियान का उद्देश्य प्रत्येक नागरिक को विकास योजनाओं और शासन की नीतियों से सीधे जोड़ना है।

अभियान के शुभारंभ अवसर पर सांसद चित्रकूट-बांदा कृष्णा पटेल, विधायक नरैनी ओममणि वर्मा, विधायक बबेरू विशंभर यादव, जिला पंचायत अध्यक्ष सुनील पटेल, नगर पालिका अध्यक्ष मालती गुप्ता बासु, आयुक्त चित्रकूट धाम मंडल अजीत कुमार, जिलाधिकारी अमित आसेरी तथा मुख्य विकास अधिकारी एवं नोडल अधिकारी अजय कुमार पांडे ने संयुक्त वक्तव्य जारी किया।

जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों ने कहा कि स्वगणना केवल सरकारी प्रक्रिया नहीं बल्कि नागरिकों की पहचान और अधिकारों को सुरक्षित करने का एक प्रभावी माध्यम है। उन्होंने कहा कि जब आंकड़े सटीक होंगे तभी शासन की योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पारदर्शी तरीके से पहुंच सकेगा।

पारदर्शिता और सुगमता पर जोर

प्रशासनिक अधिकारियों ने बताया कि स्वगणना प्रक्रिया के माध्यम से नागरिक स्वयं अपनी जानकारी दर्ज कर सकते हैं, जिससे मानवीय त्रुटियों की संभावना समाप्त होती है और डेटा पूरी तरह शुद्ध एवं पारदर्शी रहता है। इसे ‘डिजिटल इंडिया’ अभियान की दिशा में महत्वपूर्ण कदम बताया गया।

‘स्वगणना दूत’ बनने की अपील

जनप्रतिनिधियों ने नागरिकों से अपील करते हुए कहा कि वे स्वयं स्वगणना करने के साथ-साथ अपने गांव और मोहल्लों में अन्य लोगों को भी जागरूक करें तथा ‘स्वगणना दूत’ बनकर अभियान को सफल बनाने में सहयोग दें। उन्होंने कहा कि जनता की सक्रिय भागीदारी से बांदा विकास के नए आयाम स्थापित कर सकता है।

जगह-जगह लगाए गए जागरूकता शिविर

अभियान के पहले दिन जनपद के विभिन्न चौराहों और ग्राम पंचायतों में जागरूकता शिविर लगाए गए। प्रशासन ने बताया कि स्वगणना पोर्टल सुचारू रूप से कार्य कर रहा है तथा तकनीकी सहायता के लिए हेल्पडेस्क भी सक्रिय कर दिए गए हैं।

21 मई तक चलेगा अभियान

जिलाधिकारी कार्यालय से मिली जानकारी के अनुसार स्वगणना अभियान 7 मई 2026 से 21 मई 2026 तक लगातार संचालित किया जाएगा। नागरिक प्रतिदिन सुबह 6 बजे से रात्रि 12 बजे तक स्वगणना की प्रक्रिया पूरी कर सकते हैं।

विकास में सहभागिता का आह्वान

जनपद प्रशासन ने सभी नागरिकों से अपील की है कि वे इस अभियान में सक्रिय भागीदारी निभाकर बांदा को विकास के नए सोपान तक पहुंचाने में सहयोग करें।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Angry Angry 0
Sad Sad 0
Wow Wow 0