पोर्टल पर अपलोड करें प्रगति रिपोर्ट और पूर्णता प्रमाण पत्र : डीएम

डीएम पुलकित गर्ग की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट सभागार में 50 लाख से अधिक की लागत वाली निर्माण परियोजनाओं एवं उनके लिए नामित जांच अधिकारियों...

Jun 19, 2026 - 12:34
Jun 19, 2026 - 12:34
 0  5
पोर्टल पर अपलोड करें प्रगति रिपोर्ट और पूर्णता प्रमाण पत्र : डीएम

निर्माण कार्यों की समीक्षा कर दिए निर्देश

कार्यदायी संस्था यूपी आरएनएन को कारण बताओ नोटिस जारी

चित्रकूट। डीएम पुलकित गर्ग की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट सभागार में 50 लाख से अधिक की लागत वाली निर्माण परियोजनाओं एवं उनके लिए नामित जांच अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक संपन्न हुई।

बैठक में डीएम ने विकास कार्यों में गति लाने, पारदर्शिता बरतने और गुणवत्ता सुनिश्चित करने के संबंध में कड़े दिशा निर्देश जारी किए। जांच अधिकारियों को निर्देशित किया कि वे आवंटित परियोजनाओं का प्रत्येक माह में अनिवार्य रूप से दो बार स्थलीय निरीक्षण करें और अपनी विस्तृत आख्या प्रेषित करें। इसके साथ ही सभी अधिकारी मासिक समीक्षा बैठकों में भी अनिवार्य रूप से प्रतिभाग करें। ताकि परियोजनाओं की वास्तविक स्थिति से अद्यतन रहा जा सके। समीक्षा के दौरान कार्यदायी संस्थाओं को निर्देशित किया गया कि सीएमआईएस पोर्टल पर जो परियोजनाएं पिंक कलर में प्रदर्शित हो रही हैं उनकी पूर्णता तिथियों को तत्काल पुनरीक्षित कर पोर्टल पर अपडेट किया जाए। उन्होंने कहा कि जो परियोजनाएं शत प्रतिशत पूर्ण हो चुकी हैं कार्यदायी संस्थाएं उनके पूर्णता प्रमाण पत्र, हस्तांतरण प्रमाण पत्र और कार्य की अद्यतन तस्वीरें तुरंत सीएमआईएस पोर्टल पर अपलोड करना सुनिश्चित करें।

बैठक में बिना किसी पूर्व सूचना के अनुपस्थित रहने पर डीएम ने कड़ा रुख अपनाते हुए अधिशासी अभियंता यूपीआरएनएन को कारण बताओ नोटिस जारी करने के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट किया कि शासन की मंशा के अनुरूप निर्माण कार्यों की गुणवत्ता से कोई समझौता नहीं किया जाएगा। जिन परियोजनाओं की समयसीमा नजदीक है वहां मैनपावर बढ़ाकर कार्य में तेजी लाई जाए और उन्हें निर्धारित अवधि के भीतर पूर्ण कराया जाए। बैठक में सीडीओ डीपी पाल, नामित जांच अधिकारी एवं विभिन्न कार्यदायी संस्थाओं के अधिशासी अभियंता व प्रतिनिधि उपस्थित रहे।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Angry Angry 0
Sad Sad 0
Wow Wow 0