डीएम ने युवाओं को नवाचार और उद्यमिता के लिए किया प्रेरित
भारत सरकार की स्टार्टअप इंडिया पहल के अंतर्गत जिला प्रशासन के सहयोग से ऑडिटोरियम भवन सोनेपुर में एक दिवसीय कार्यशाला का...
ऑडिटोरियम में स्टार्टअप इंडिया कार्यशाला का हुआ आयोजन
युवाओं को जॉब सीकर नहीं, जॉब क्रिएटर बनने की दिशा में प्रशासन ने बढ़ाया कदम
चित्रकूट। भारत सरकार की स्टार्टअप इंडिया पहल के अंतर्गत जिला प्रशासन के सहयोग से ऑडिटोरियम भवन सोनेपुर में एक दिवसीय कार्यशाला का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का ’मुख्य उद्देश्य जनपद के युवाओं को स्वरोजगार, नवाचार और स्टार्टअप की बारीकियों से अवगत कराना रहा।’
कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि डीएम पुलकित गर्ग द्वारा किया गया। इस अवसर पर अध्यक्ष जिला सहकारी बैंक पंकज अग्रवाल, नगर पालिका अध्यक्ष नरेंद्र गुप्ता, मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. भूपेश द्विवेदी एवं उपायुक्त उद्योग एसके केसरवानी, अग्रणी जिला प्रबंधक इंडियन बैंक अनुराग शर्मा सहित विभिन्न प्रदेशों से आए विषय विशेषज्ञ उपस्थित रहे। इस दौरान जनपद का स्टार्टअप इंडिया पहल का लोगो भी जारी किया गया। युवाओं को संबोधित करते हुए जिलाधिकारी ने कहा कि प्रधानमंत्री एवं मुख्यमंत्री के मार्गदर्शन में युवाओं के लिए स्टार्टअप के माध्यम से असीम अवसर सृजित हुए हैं। उन्होंने जोर देकर कहा कि युवाओं को रोजगार मांगने वाला नहीं, बल्कि रोजगार देने वाला बनना चाहिए। स्टार्टअप न केवल व्यक्तिगत लाभ देता है, बल्कि समाज के लिए रोजगार के द्वार भी खोलता है।
डीएम ने उबर, ओला और पेटीएम जैसे वैश्विक ब्रांडों का उदाहरण देते हुए बताया कि कैसे एक छोटे से विचार ने आज हजारों लोगों को रोजगार दिया है। उन्होंने अपने व्यक्तिगत अनुभवों को साझा करते हुए युवाओं को प्रेरित किया कि वे पारंपरिक नौकरियों के पीछे भागने के बजाय अपना उद्योग स्थापित कर वैल्यू कमाएं। कार्यशाला के दौरान जिलाधिकारी ने जनपद के विकास के लिए कई महत्वपूर्ण बिंदुओं पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि जनपद में बोट एवं स्पीड बोट जैसे अन्य क्षेत्रों में कार्य करने वाले युवाओं को जिला प्रशासन द्वारा त्वरित अनुमति व सहयोग प्रदान किया जाएगा। कहा कि मुख्यमंत्री युवा उद्यमी योजना के अंतर्गत 5 लाख रुपये तक के ऋण का लाभ उठाकर युवा अपने व्यवसाय की शुरुआत कर सकते हैं। हर्ष व्यक्त करते हुए बताया कि जनपद में इंक्यूबेशन सेंटर की स्वीकृति प्राप्त हो गई है। जहाँ युवाओं को विशेषज्ञ टीम द्वारा उचित मार्गदर्शन और तकनीकी सहायता प्रदान की जाएगी। उन्होंने युवाओं को सोशल मीडिया पर समय व्यर्थ न करने और मोबाइल का उपयोग रचनात्मक व कौशल विकास के कार्यों में करने की सलाह दी। कार्यशाला के द्वितीय चरण में उपस्थित छात्र, छात्राओं ने विशेषज्ञों से सीधे प्रश्न पूछकर अपनी शंकाओं का समाधान किया। कार्यक्रम का संचालन जिला कृषि अधिकारी आरपी शुक्ला द्वारा किया गया। समापन अवसर पर उपस्थित अतिथियों को स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया गया। इस अवसर पर भारी संख्या में जनपद के छात्र, छात्राएं, नवोदित उद्यमी एवं संबंधित विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Angry
0
Sad
0
Wow
0
