बांदा को ₹710 करोड़ की 229 विकास परियोजनाओं की सौगात, सीएम योगी ने विपक्ष पर साधा निशाना

उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने गुरुवार को जनपद बांदा में ₹710 करोड़ से अधिक की लागत वाली 229 जनकल्याणकारी विकास परियोजनाओं का लोकार्पण...

Jul 9, 2026 - 16:29
Jul 9, 2026 - 16:36
 0  66
बांदा को ₹710 करोड़ की 229 विकास परियोजनाओं की सौगात, सीएम योगी ने विपक्ष पर साधा निशाना

बुंदेलखंड को बताया माफियाराज और पलायन से मुक्त, डिफेंस कॉरिडोर, ब्रह्मोस मिसाइल, एक्सप्रेसवे और पर्यटन विकास को बताया नए उत्तर प्रदेश की पहचान

बांदा। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने गुरुवार को जनपद बांदा में ₹710 करोड़ से अधिक की लागत वाली 229 जनकल्याणकारी विकास परियोजनाओं का लोकार्पण एवं शिलान्यास कर बुंदेलखंड को बड़ी विकास सौगात दी। विशाल जनसभा को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि बुंदेलखंड अब पिछड़ेपन, पलायन और माफियाराज की पहचान से निकलकर विकास, निवेश और रोजगार का नया केंद्र बन रहा है। उन्होंने कानून-व्यवस्था, विकास, रोजगार और धार्मिक स्थलों के विकास को लेकर समाजवादी पार्टी और कांग्रेस पर तीखा हमला बोला।

माफियाराज और डकैतों के दौर का किया जिक्र

मुख्यमंत्री ने कहा कि वर्ष 2017 से पहले बुंदेलखंड भू-माफिया, खनन माफिया, लैंड माफिया और डकैतों के आतंक से जूझ रहा था। किसानों को अपने खेतों तक जाने में डर लगता था और पूरा पाठा क्षेत्र फिरौती व अपराध का केंद्र बन चुका था। उन्होंने कहा कि डबल इंजन सरकार बनने के बाद प्रदेश को माफिया, डकैतों, कर्फ्यू और उपद्रव से मुक्त कराया गया तथा आज बुंदेलखंड एक्सप्रेसवे और 'हर घर नल से जल' जैसी योजनाओं से क्षेत्र की तस्वीर बदल रही है।

विपक्ष पर हमला, रोजगार पर सरकार का दावा

मुख्यमंत्री ने कहा कि पूर्ववर्ती सरकारों ने युवाओं के हाथों में रोजगार की जगह तमंचे थमा दिए थे, जबकि वर्तमान सरकार ने पारदर्शी प्रक्रिया के तहत नौ वर्षों में नौ लाख युवाओं को सरकारी नौकरियां उपलब्ध कराई हैं। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार जनता के पैसे से राम मंदिर, काशी विश्वनाथ धाम, विंध्यवासिनी धाम और चित्रकूट धाम जैसे धार्मिक स्थलों का विकास कर रही है, जबकि पहले की सरकारें अलग प्राथमिकताओं पर धन खर्च करती थीं।

अपराधियों को चेतावनी, 64 हजार एकड़ भूमि मुक्त कराने का दावा

सीएम योगी ने कहा कि प्रदेश सरकार अपराधियों के खिलाफ जीरो टॉलरेंस की नीति पर कार्य कर रही है। उन्होंने कहा कि बेटियों और व्यापारियों की सुरक्षा से खिलवाड़ करने वालों को पहले सुधरने का अवसर दिया जाता है, लेकिन नहीं मानने वालों पर कठोर कार्रवाई की जाती है। उन्होंने दावा किया कि प्रदेश में माफियाओं के कब्जे से लगभग 64 हजार एकड़ सरकारी भूमि मुक्त कराई गई है, जिस पर अब विकास और निवेश के कार्य हो रहे हैं।

ब्रह्मोस मिसाइल और डिफेंस कॉरिडोर का किया उल्लेख

मुख्यमंत्री ने कहा कि जिस बुंदेलखंड में कभी अवैध हथियारों का बोलबाला था, वहीं अब डिफेंस कॉरिडोर के माध्यम से ब्रह्मोस जैसी आधुनिक मिसाइलों का निर्माण होगा। उन्होंने कहा कि इससे बुंदेलखंड देश की रक्षा उत्पादन व्यवस्था का महत्वपूर्ण केंद्र बनेगा और युवाओं को बड़े पैमाने पर रोजगार मिलेगा। उन्होंने विश्वास जताया कि भविष्य में देश-दुनिया के युवा बुंदेलखंड में रोजगार के लिए आएंगे।

वीरांगना अवंती बाई लोधी की प्रतिमा का किया अनावरण

मुख्यमंत्री ने कार्यक्रम के दौरान वीरांगना अवंती बाई लोधी की भव्य प्रतिमा का अनावरण किया। उन्होंने 1857 के स्वतंत्रता संग्राम के महानायकों मंगल पांडे, धन सिंह गुर्जर, तात्या टोपे और महारानी लक्ष्मीबाई को श्रद्धांजलि देते हुए कहा कि राष्ट्रधर्म के लिए बलिदान देने वाले महापुरुषों का सम्मान नई पीढ़ी के लिए प्रेरणा का स्रोत है।

इन प्रमुख परियोजनाओं की मिली सौगात

मुख्यमंत्री ने झांसी-मानिकपुर रेलखंड पर फोरलेन ओवरब्रिज, बांदा-बबेरू-कमासिन-राजापुर फोरलेन मार्ग, विभिन्न सड़कों के चौड़ीकरण एवं सुदृढ़ीकरण, राजकीय पॉलिटेक्निक एवं आईटीआई के उन्नयन, हाईस्कूल भवनों के निर्माण, भूरागढ़ किला, डाबर देवता मंदिर, अरोड़ी दाई मंदिर, कबीर आश्रम और नवाब टैंक के पर्यटन विकास सहित अनेक परियोजनाओं का लोकार्पण एवं शिलान्यास किया। इसके साथ ही मुख्यमंत्री शहरी विस्तारीकरण योजना और विभिन्न आधारभूत संरचना परियोजनाओं को भी हरी झंडी दी।

कार्यक्रम में जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों एवं बड़ी संख्या में आम नागरिकों की उपस्थिति रही। मुख्यमंत्री ने कहा कि बुंदेलखंड अब विकास, उद्योग, पर्यटन और निवेश के क्षेत्र में उत्तर प्रदेश की नई पहचान बनने जा रहा है।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Angry Angry 0
Sad Sad 0
Wow Wow 0