बारिश में मकान गिरा, दो मासूम बच्चों की मौत, सात घायल

उत्तर प्रदेश के बांदा जिले में बीते 24 घंटे से लगातार रुक-रुक कर हो रही तेज बारिश ने भारी तबाही मचा दी है...

Jul 18, 2025 - 14:54
Jul 18, 2025 - 14:57
 0  94
बारिश में मकान गिरा, दो मासूम बच्चों की मौत, सात घायल

बांदा। उत्तर प्रदेश के बांदा जिले में बीते 24 घंटे से लगातार रुक-रुक कर हो रही तेज बारिश ने भारी तबाही मचा दी है। बारिश की वजह से कई कच्चे मकान धराशायी हो गए हैं। सबसे दर्दनाक हादसा बिसंडा थाना क्षेत्र के ओरन के पिपरी खेरवा गांव में हुआ, जहां एक कच्चा मकान गिरने से एक ही परिवार के नौ लोग मलबे में दब गए। हादसे में दो मासूम बच्चों की मौत हो गई, जबकि सात अन्य घायल हुए हैं, जिनमें दो की हालत गंभीर बनी हुई है।

पिपरी खेरवा गांव निवासी मनोज कुशवाहा का परिवार शुक्रवार तड़के करीब 2 बजे अपने कच्चे मकान में सो रहा था कि तभी मकान अचानक भरभरा कर गिर पड़ा। हादसे के वक्त सभी सदस्य गहरी नींद में थे, जिससे वे संभल भी नहीं सके और मलबे में दब गए। पूरे गांव में अफरा-तफरी मच गई।

यह भी पढ़े : झाँसी : दिल्ली से छतरपुर जा रही यात्रियों से भरी बस पलटी, दर्जन भर यात्री बस में फंसे

हादसे के तुरंत बाद ग्रामीणों ने पुलिस और एम्बुलेंस को सूचना दी, लेकिन दो घंटे तक कोई मदद नहीं पहुंची। इसी बीच मनोज कुशवाहा के रिश्तेदार धीरज कुशवाहा अपनी गाड़ी लेकर पहुंचे और ग्रामीणों की मदद से मलबे में दबे लोगों को बाहर निकालने में जुट गए। सभी घायलों को निजी साधनों से जिला अस्पताल पहुंचाया गया।

अस्पताल पहुंचने पर डॉक्टरों ने 4 वर्षीय आरती और 7 वर्षीय धर्मेंद्र को मृत घोषित कर दिया। वहीं एक महिला समेत दो अन्य की हालत गंभीर बताई जा रही है और उनका इलाज जिला अस्पताल में जारी है। अन्य घायलों को प्राथमिक उपचार के बाद छुट्टी दे दी गई है। परिवार का आरोप है कि यदि समय पर एम्बुलेंस और पुलिस मौके पर पहुंच जाती, तो शायद बच्चों की जान बचाई जा सकती थी।

इसी थाना क्षेत्र के दफ्तरा गांव में भी बारिश ने कहर बरपाया। यहां राम सिया पटेल का कच्चा मकान गिर गया, जिससे दो दुधारू भैंसों समेत कुल पांच मवेशियों की मौत हो गई। हादसे में 25 क्विंटल धान और अन्य घरेलू सामान भी नष्ट हो गया।

घटनाओं की जानकारी मिलते ही शुक्रवार सुबह जिलाधिकारी जे. रीभा जिला अस्पताल पहुंचीं और घायलों से मिलकर संवेदना व्यक्त की। उन्होंने कहा कि हादसे में दो बच्चों की जान गई है, दो अन्य की स्थिति गंभीर है और बाकी को प्राथमिक उपचार के बाद घर भेज दिया गया है।

यह भी पढ़े : बाँदा : भूरागढ़ में केन नदी का जलस्तर 99.65 मीटर, बहाव 1.55 लाख क्यूसेक पार

डीएम ने भरोसा दिलाया कि शासन की गाइडलाइन के अनुसार पात्र परिवारों को 24 घंटे के भीतर मुआवजा राशि उपलब्ध कराई जाएगी।

हिन्दुस्थान समाचार 

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Angry Angry 0
Sad Sad 0
Wow Wow 0