सरस्वती बालिका विद्या मंदिर में पांच दिवसीय बालिका शिक्षा अभ्यास वर्ग का शुभारंभ

सरस्वती बालिका विद्या मंदिर इंटर कॉलेज, केन पथ, बांदा में विद्या भारती कानपुर प्रांत के तत्वावधान में आयोजित पांच दिवसीय...

Jul 29, 2026 - 15:36
Jul 29, 2026 - 15:42
 0  11
सरस्वती बालिका विद्या मंदिर में पांच दिवसीय बालिका शिक्षा अभ्यास वर्ग का शुभारंभ

बांदा। सरस्वती बालिका विद्या मंदिर इंटर कॉलेज, केन पथ, बांदा में विद्या भारती कानपुर प्रांत के तत्वावधान में आयोजित पांच दिवसीय बालिका शिक्षा अभ्यास वर्ग का शुभारंभ सोमवार को श्रद्धा एवं उत्साह के साथ हुआ। यह अभ्यास वर्ग 27 जुलाई से 31 जुलाई 2026 तक आयोजित किया जा रहा है, जिसमें कानपुर प्रांत के 14 जिलों की जिला प्रमुख बहनों तथा शिशु मंदिरों की नगरीय एवं ग्रामीण बालिका शिक्षा प्रमुख बहनों ने सहभागिता की।

कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि रजनीश पाठक (संगठन मंत्री, कानपुर प्रांत) ने मां सरस्वती के चित्र पर दीप प्रज्ज्वलन एवं पुष्पार्चन कर किया। इसके बाद विद्यालय की प्रधानाचार्या अमिता सिंह ने अतिथियों का परिचय कराया तथा बैज अलंकरण एवं अंगवस्त्र भेंट कर उनका सम्मान किया।

प्रस्ताविकी प्रस्तुत करते हुए अयोध्या प्रसाद मिश्र (प्रदेश निरीक्षक) ने कहा कि मातृशक्ति की प्रत्येक क्षेत्र में महत्वपूर्ण भूमिका है। उन्होंने कहा कि एक शिक्षित बालिका ही एक सशक्त परिवार, सुसंस्कृत समाज और विकसित राष्ट्र का निर्माण करती है।

भारतीय शिक्षा समिति के उपाध्यक्ष रामकरण सिंह ने अपने संबोधन में आध्यात्म के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि जहां विज्ञान की सीमाएं समाप्त हो जाती हैं, वहां आध्यात्म मार्गदर्शन करता है।

मुख्य अतिथि रजनीश पाठक ने विद्या भारती का परिचय देते हुए कहा कि संस्था का उद्देश्य भारतीय संस्कृति, संस्कार और 'वसुधैव कुटुंबकम्' की भावना को समाज में सशक्त करना है। उन्होंने कहा कि बालिका शिक्षा के माध्यम से नेतृत्व क्षमता, आत्मनिर्भरता और मातृत्व के गुणों का विकास करना विद्या भारती की प्राथमिकता है।

इस अवसर पर उमाशंकर मिश्र (क्षेत्रीय बालिका शिक्षा प्रभारी), निधि द्विवेदी (क्षेत्रीय बालिका संयोजिका), शिवकरण सिंह (संभाग निरीक्षक), रमेश गुप्ता (बांदा संकुल प्रमुख) एवं विद्यालय की उप-प्रबंधिका गायत्री सिंह सहित अनेक गणमान्य लोग उपस्थित रहे।

कार्यक्रम के अंत में अंजना अवस्थी ने सभी अतिथियों का आभार व्यक्त करते हुए अभ्यास वर्ग की सफलता की कामना की। पांच दिनों तक चलने वाले इस वर्ग में बालिका शिक्षा, व्यक्तित्व विकास, नेतृत्व क्षमता, सांस्कृतिक मूल्यों तथा संगठनात्मक कौशल से जुड़े विभिन्न विषयों पर प्रशिक्षण दिया जाएगा।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Angry Angry 0
Sad Sad 0
Wow Wow 0