अधिवक्ता संघ की पहल, खाटू श्याम धाम के लिए सीधी रेल सेवा की उठाई आवाज

चित्रकूटधाम मण्डल से राजस्थान के प्रसिद्ध तीर्थस्थल खाटू श्याम धाम तक सीधी रेल सेवा शुरू कराने की मांग को लेकर जिला अधिवक्ता संघ...

Aug 1, 2026 - 18:36
Aug 1, 2026 - 18:37
 0  16
अधिवक्ता संघ की पहल, खाटू श्याम धाम के लिए सीधी रेल सेवा की उठाई आवाज

बांदा। चित्रकूटधाम मण्डल से राजस्थान के प्रसिद्ध तीर्थस्थल खाटू श्याम धाम तक सीधी रेल सेवा शुरू कराने की मांग को लेकर जिला अधिवक्ता संघ, बांदा ने भारत सरकार के नाम आयुक्त, चित्रकूटधाम मण्डल के माध्यम से ज्ञापन सौंपा। अधिवक्ताओं ने श्रद्धालुओं की सुविधा को ध्यान में रखते हुए चित्रकूटधाम (कर्वी) से मथुरा, बालाजी होते हुए खाटू श्याम (सीकर) तक विशेष साप्ताहिक आध्यात्मिक ट्रेन संचालित किए जाने की मांग की।

ज्ञापन में कहा गया कि चित्रकूटधाम देश के प्रमुख धार्मिक एवं आध्यात्मिक स्थलों में से एक है। यहां स्थित पवित्र मंदाकिनी नदी, भगवान कामतानाथ मंदिर, प्राकृतिक जलप्रपात और वन क्षेत्र के कारण देश-विदेश से बड़ी संख्या में श्रद्धालु और पर्यटक पहुंचते हैं। वहीं चित्रकूटधाम मण्डल के हजारों श्रद्धालु प्रतिवर्ष मथुरा, बालाजी और खाटू श्याम धाम की यात्रा करते हैं, लेकिन सीधी रेल सेवा के अभाव में उन्हें काफी कठिनाइयों का सामना करना पड़ता है।

अधिवक्ता संघ ने ज्ञापन के माध्यम से मांग की कि श्रद्धालुओं की सुविधा और धार्मिक पर्यटन को बढ़ावा देने के उद्देश्य से चित्रकूटधाम से खाटू श्याम धाम तक विशेष साप्ताहिक आध्यात्मिक ट्रेन चलाई जाए। साथ ही प्रस्तावित ट्रेन का नाम 'महर्षि वामदेव आध्यात्मिक एक्सप्रेस' रखने का सुझाव भी दिया गया।

ज्ञापन में उल्लेख किया गया कि महर्षि वामदेव का वर्णन रामायण सहित अनेक धार्मिक ग्रंथों में मिलता है तथा उनका नाम चित्रकूट क्षेत्र की आध्यात्मिक और सांस्कृतिक विरासत से जुड़ा हुआ है। अधिवक्ता संघ का कहना है कि यदि यह रेल सेवा शुरू होती है तो श्रद्धालुओं को सीधी यात्रा सुविधा मिलेगी, धार्मिक पर्यटन को बढ़ावा मिलेगा और चित्रकूटधाम मण्डल के आर्थिक एवं पर्यटन विकास को भी नई गति प्राप्त होगी।

अधिवक्ताओं ने केंद्र सरकार से इस लंबे समय से लंबित मांग पर सकारात्मक निर्णय लेकर क्षेत्रवासियों और श्रद्धालुओं को सीधी रेल सेवा का लाभ उपलब्ध कराने की अपेक्षा जताई।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Angry Angry 0
Sad Sad 0
Wow Wow 0