विरासत और विकास का संगम : कालिंजर दुर्ग के लिए विधायक विशंभर सिंह यादव का बड़ा कदम
जनपद बांदा की बबेरू विधानसभा से समाजवादी पार्टी के वरिष्ठ विधायक विशंभर सिंह यादव ने जनसेवा और विकास के प्रति अपनी प्रतिबद्धता का परिचय देते...
रोडवेज बस स्टैंड निर्माण हेतु पाँच बीघा निजी भूमि प्रशासन को दान
बांदा। जनपद बांदा की बबेरू विधानसभा से समाजवादी पार्टी के वरिष्ठ विधायक विशंभर सिंह यादव ने जनसेवा और विकास के प्रति अपनी प्रतिबद्धता का परिचय देते हुए ऐतिहासिक कालिंजर दुर्ग के समग्र विकास की दिशा में एक महत्वपूर्ण और सराहनीय पहल की है। विधायक ने अपनी पाँच बीघा निजी भूमि जनहित में प्रशासन को दान कर दी है, जिस पर कालिंजर क्षेत्र में रोडवेज बस स्टैंड के निर्माण का प्रस्ताव है। इससे कालिंजर आने वाले पर्यटकों, श्रद्धालुओं और स्थानीय यात्रियों को आवागमन की बेहतर सुविधा मिल सकेगी।
जिलाधिकारी जे. रीभा की पहल पर यह भूमि सरकारी उपयोग के लिए दान की गई। भूमि दान से संबंधित समस्त कानूनी प्रक्रिया दान पत्र रजिस्ट्री के माध्यम से विधिवत पूरी की गई। इस दौरान विधायक के पुत्र वरुण यादव, बहू पूनम यादव, सौम्या यादव तथा पौत्र शौर्य प्रताप सिंह की उपस्थिति रही।
इस अवसर पर विधायक विशंभर सिंह यादव ने कहा कि कालिंजर दुर्ग बुंदेलखंड की ऐतिहासिक, सांस्कृतिक और पर्यटन पहचान का प्रमुख प्रतीक है। जनपद विभाजन के बाद बांदा में कालिंजर ही एकमात्र प्रमुख ऐतिहासिक धरोहर के रूप में शेष है, ऐसे में इसके संरक्षण, संवर्धन और सुविधाओं का विकास अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने कहा कि रोडवेज बस स्टैंड के निर्माण से न केवल पर्यटकों को सुविधा मिलेगी, बल्कि कालिंजर को राष्ट्रीय पर्यटन मानचित्र पर और अधिक सशक्त पहचान भी प्राप्त होगी।
विधायक ने बताया कि भूमि उपलब्ध होने से बस स्टैंड का निर्माण कार्य शीघ्र प्रारंभ किया जा सकेगा और इसे निर्धारित समयसीमा में पूर्ण करने का मार्ग प्रशस्त होगा। इस परियोजना से आसपास के गांवों के लोगों, स्थानीय व्यापारियों और युवाओं के लिए रोजगार एवं आर्थिक अवसर सृजित होंगे, जिससे क्षेत्रीय विकास को नई गति मिलेगी।
विशंभर सिंह यादव की राजनीतिक यात्रा भी प्रेरणादायी रही है। वे वर्ष 1980 से समाजवादी विचारधारा से जुड़े हैं और दलबदल से सदैव दूर रहे हैं। पोस्ट ग्रेजुएट और एलएलबी शिक्षित विधायक छात्र राजनीति से ही सक्रिय रहे। वर्ष 1980 में डीएवी इंटर कॉलेज, कानपुर के छात्र संघ अध्यक्ष तथा 1981 में कानपुर विश्वविद्यालय के छात्र संघ अध्यक्ष चुने गए। वे युवा लोकदल के राष्ट्रीय सचिव और समाजवादी जनता पार्टी के प्रदेश संगठन मंत्री जैसे महत्वपूर्ण दायित्व भी निभा चुके हैं।
बबेरू विधानसभा से वे वर्ष 2007 में पहली बार समाजवादी पार्टी के टिकट पर विधायक बने, 2012 में पुनः जीत दर्ज की और 2022 में एक बार फिर जनता का विश्वास हासिल कर अपनी लोकप्रियता और कार्यशैली को सिद्ध किया। पर्यटन के प्रति विशेष रुचि रखने वाले विधायक विशंभर सिंह यादव की यह पहल कालिंजर को एक प्रमुख पर्यटन केंद्र के रूप में विकसित करने की दिशा में मील का पत्थर साबित होगी।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Angry
0
Sad
0
Wow
0
