बांदा नगर पालिका में कौन किस पर भारी, एक नजर

जिले की छह नगर पंचायत और दो नगरपालिका परिषदों के अध्यक्ष पद एवं सदस्य पद के लिए चुनाव की घोषणा होने...

Apr 14, 2023 - 06:55
Apr 14, 2023 - 07:04
 0  1
बांदा नगर पालिका में कौन किस पर भारी, एक नजर

बांदा जिले की छह नगर पंचायत और दो नगरपालिका परिषदों के अध्यक्ष पद एवं सदस्य पद के लिए चुनाव की घोषणा होने के बाद इन सीटों से चुनाव लड़ने के लिए सभी दलों में दावेदारों की होड़ सी मची है। इनमें से चार निकाय महिलाओं के लिए आरक्षित हैं। सर्वाधिक घमासान बांदा नगर पालिका की अध्यक्ष सीट को लेकर है। यहां भाजपा से चुनाव लड़ने के लिए महिलाओं की लंबी कतार है। प्रमुख दावेदारों में वैश्य समुदाय की महिलाएं शामिल हैं।

यह भी पढ़े- बांदाः 29 मार्च को यमुना नदी में डूबे किशोर की तलाश में, एसडीआरएफ टीम का रेस्क्यू ऑपरेशन जारी

लंबी अदालती लड़ाई के बाद नए सिरे से निकाय चुनाव में आरक्षण लागू होते ही चुनाव की रणभेरी बज चुकी है। सभी दलों के धुरंधरों ने अपनी अपनी गोटे बिछानी शुरू कर दी है। साथ ही प्रत्याशियों ने भी अपनी-अपनी दावेदारी करते हुए सभी प्रमुख दलों में आवेदन कर रखा है। बांदा की नगर पालिका सीट सामान्य वर्ग की महिलाओं के लिए आरक्षित है। और यही वजह है कि इस सीट पर दावेदारों की लंबी कतार लगी हुई है। सभी पार्टी के नेता जो नए सिरे से आरक्षण लागू होने से चुनाव लड़ने से वंचित हो गए हैं, अब वे अपनी पत्नियों के सहारे नगर पालिका चेयरमैन की कुर्सी पर काबिज होने का सपना संजो रहे हैं।

यह भी पढ़ेअतीक अहमद का बेटा असद व एक अन्य शूटर गुलाम एनकाउंटर में ढेर 

पार्टियों की बात करें तो इस चुनाव में सबसे ज्यादा आवेदन भाजपा में है। अंतिम तिथि तक भाजपा से चुनाव लड़ने का सपना देख रहे लगभग आधा सैकड़ा से अधिक महिला उम्मीदवारों ने आवेदन कर रखा है। आईये बताते हैं कि भाजपा से कौन कौन हैं इस चुनावी समर में? 

इन दावेदारों में भाजपा महिला मोर्चा की जिलाध्यक्ष वंदना गुप्ता और इनकी सास या स्पष्ट कहें तो व्यापार मंडल के प्रदेश उपाध्यक्ष संतोष गुप्ता की पत्नी मुन्नी गुप्ता के साथ भाजपा नेत्री ममता मिश्रा, रेखा सिंह और पूर्व चेयरमैन विनोद जैन भी चुनाव में टिकट पाने के लिए लाइन में हैं। उधर सदर विधायक प्रतिनिधि रजत सेठ की पत्नी वर्षा सेठ, शहर के प्रसिद्ध मिष्ठान व्यवसाई रामकिशन गुप्ता बासू की पत्नी मालती देवी, सुरेश तिवारी उर्फ सुल्ली महाराज की पत्नी जया तिवारी, व्यापारी नेता मनोज जैन की पत्नी मंजरी जैन, अमित सेठ भोलू की पत्नी प्रतिभा सेठ, पूर्व सभासद  की पत्नी क्रांति सक्सेना, राष्ट्रीय उद्योग व्यापार संगठन के राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित गुप्ता की बहन डॉ. रागिनी शिवहरे, जया पुरवार सहित भाजपा के पूर्व जिलाध्यक्ष एवं पूर्व बार एसोसिएशन अध्यक्ष अशोक त्रिपाठी जीतू की बहू सुमन शर्मा भी टिकटार्थियों की रेस में शामिल हैं।

यह भी पढ़े- बांदाः 29 मार्च को यमुना नदी में डूबे किशोर की तलाश में, एसडीआरएफ टीम का रेस्क्यू ऑपरेशन जारी

इनके अलावा उत्तर प्रदेश राज्य महिला आयोग की सदस्य प्रभा गुप्ता भी दावेदारों में अपने पद और कद के कारण टिकटार्थियों के बीच प्रमुख चेहरा बनी हुई हैं। आपको बता दें कि इन दावेदारों में मुन्नी गुप्ता और वंदना गुप्ता का आपस में सास-बहू का रिश्ता है। तो वहीं ममता मिश्रा व सुमन शर्मा आपस में सगी बहनें हैं और साथ में सुमन शर्मा पूर्व सांसद राम रतन शर्मा की पुत्र वधू भी हैं। पिछले विधानसभा चुनाव में कांग्रेस से टिकट की बाट जोह रहे किशन बाबू गुप्ता की जब कांग्रेस से टिकट पाने में दाल नहीं गली तो कूद कर भाजपा का दामन पकड़ा और नगर पालिका अध्यक्ष की सीट पाने का जुगाड़ ढूंढ़ने लगे। किशन बाबू गुप्ता ने भी अपनी पत्नी को प्रत्याशिता की दौड़ में प्रवेश करा दिया है।

यह भी पढ़े- रंगदारी वसूलने के मामले में भारतीय जनता पार्टी युवा मोर्चा के पूर्व अध्यक्ष गिरफ्तार

इन दावेदारों में बहुत सी ऐसी महिलाएं भी शामिल हैं। जिनका राजनीति से कोई सरोकार नहीं है। इनके पति अपनी धर्मपत्नियों को चुनाव मैदान में उतार कर नगर पालिका चेयरमैन की कुर्सी कब्जाने की जुगत भिड़ा रहे हैं। हालांकि इन दावेदारों के आवेदनों की भाजपा द्वारा स्क्रीनिंग की जा रही है। इनमें से कुछ नाम फाइनल कर हाईकमान को भेज भी दिये गये हैं। जिन नामों पर हाईकमान मुहर लगा देगा वही प्रत्याशी होगा। सूत्र बताते हैं कि दावेदारों में सबसे ज्यादा वैश्य समुदाय की महिलाएं शामिल हैं। संगठन को इन महिलाओं में किसी एक महिला के नाम का चयन करने में खासा माथापच्ची करनी पड़ रही है। 

भरोसेमंद सूत्रों की माने तो भाजपा इस बार भी किसी वैश्य महिला को चुनाव मैदान में उतारना चाहती है। पिछले चुनाव में भी पार्टी ने शिवपूजन गुप्ता को चुनाव मैदान में उतारा था लेकिन शिवपूजन गुप्ता को सपा के प्रत्याशी मोहन साहू से पराजित होना पड़ा था। यही वजह है कि संगठन इस बार किसी ऐसे सशक्त प्रत्याशी को चुनाव मैदान में उतारना चाहता है जो बांदा नगर पालिका की इस सीट पर कब्जा जमाकर पार्टी के खाते में सीट डाल दे। हम जल्द ही बतायेंगे अपने विश्लेषण के बारे में, कि भाजपा की लिस्ट में नम्बर वन की पोजीशन कौन लेगा। इसके साथ ही आने वाली अन्य रिपोर्ट्स में अन्य पार्टियों के प्रत्याशियों के बारे में भी हम आपको एक एक करके सारी सूचनायें देंगे।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Angry Angry 0
Sad Sad 0
Wow Wow 0