केन नदी कटान से मिलेगी राहत, बांदा में 6.94 करोड़ की परियोजना शुरू

बुंदेलखंड के किसानों और केन नदी किनारे बसे ग्रामीणों के लिए राहत भरी खबर सामने आई है। हर वर्ष बाढ़ और भू-कटाव की समस्या...

May 12, 2026 - 18:04
May 12, 2026 - 18:08
 0  20
केन नदी कटान से मिलेगी राहत, बांदा में 6.94 करोड़ की परियोजना शुरू

योगी सरकार ने बाढ़ और भू-कटाव रोकने को मिशन मोड में शुरू कराया कार्य

बांदा। बुंदेलखंड के किसानों और केन नदी किनारे बसे ग्रामीणों के लिए राहत भरी खबर सामने आई है। हर वर्ष बाढ़ और भू-कटाव की समस्या से जूझने वाले पैलानी तहसील क्षेत्र के गांवों को अब बड़ी राहत मिलने जा रही है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के निर्देशन में शासन ने बांदा जनपद में कटान रोकने के लिए 6.94 करोड़ रुपये की लागत से बड़े कटाव निरोधक प्रोजेक्ट को मंजूरी देते हुए कार्य शुरू करा दिया है।

अलोना समेत कई गांवों को मिलेगा सुरक्षा कवच

केन नदी के तेज बहाव से सबसे अधिक प्रभावित पैलानी तहसील के अलोना और आसपास के गांवों में युद्धस्तर पर कटान निरोधक कार्य कराया जा रहा है। इस परियोजना की जिम्मेदारी सिंचाई एवं जल संसाधन विभाग (जल शक्ति विभाग) को सौंपी गई है। शासन का लक्ष्य है कि मानसून शुरू होने से पहले जून माह तक कार्य पूर्ण कर लिया जाए, ताकि इस बार बारिश के मौसम में ग्रामीणों को कटान और बाढ़ की मार न झेलनी पड़े।

किसानों की जमीन बचाने के लिए आधुनिक तकनीक का सहारा

बरसात के दौरान केन नदी के उफान से जहां गांवों में खतरा बढ़ जाता था, वहीं किसानों की उपजाऊ भूमि भी नदी में समा जाती थी। अब इस परियोजना के तहत बोल्डर पिचिंग और आधुनिक तकनीकों की मदद से नदी की धारा को नियंत्रित किया जाएगा। इससे किसानों की कृषि भूमि सुरक्षित रह सकेगी और गांवों में स्थायी सुरक्षा व्यवस्था विकसित होगी।

ग्रामीणों ने जताई खुशी

सरकार के इस फैसले से पैलानी क्षेत्र के ग्रामीणों में उत्साह का माहौल है। ग्रामीणों का कहना है कि वर्षों से वे कटान की समस्या से परेशान थे, लेकिन अब शासन द्वारा ठोस पहल किए जाने से उन्हें राहत की उम्मीद जगी है।

जल शक्ति विभाग की टीमें तेजी से कार्य को अंतिम रूप देने में जुटी हुई हैं ताकि तय समय के भीतर परियोजना पूरी कर ग्रामीणों को सुरक्षित वातावरण उपलब्ध कराया जा सके।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Angry Angry 0
Sad Sad 0
Wow Wow 0