शेयर बाजार में भारी गिरावट : सेंसेक्स 1690 अंक टूटा, निफ्टी भी 2% से ज्यादा लुढ़का
भारतीय शेयर बाजार शुक्रवार को बड़ी गिरावट के साथ बंद हुआ। वैश्विक बाजारों से मिले नकारात्मक संकेतों के बीच निवेशकों की बिकवाली के...
निवेशकों में घबराहट, वैश्विक संकेतों का असर
रुपया भी रिकॉर्ड निचले स्तर पर पहुंचा
अमेरिका-ईरान तनाव और महंगे कच्चे तेल से बढ़ी चिंता
मुंबई। भारतीय शेयर बाजार शुक्रवार को बड़ी गिरावट के साथ बंद हुआ। वैश्विक बाजारों से मिले नकारात्मक संकेतों के बीच निवेशकों की बिकवाली के कारण सेंसेक्स और निफ्टी दोनों में 2 प्रतिशत से अधिक की गिरावट दर्ज की गई।
30 शेयरों वाला बीएसई सेंसेक्स 1690.23 अंक यानी 2.25 प्रतिशत गिरकर 73,583.22 पर बंद हुआ। वहीं, 50 शेयरों वाला एनएसई निफ्टी 486.85 अंक यानी 2.09 प्रतिशत की गिरावट के साथ 22,819.60 पर बंद हुआ। इसके साथ ही भारतीय रुपया भी कमजोर होकर अमेरिकी डॉलर के मुकाबले 86 पैसे गिरकर 94.82 के सर्वकालिक निचले स्तर (अस्थायी) पर बंद हुआ।
वैश्विक बाजारों का दबाव
विशेषज्ञों के अनुसार, वैश्विक स्तर पर बढ़ते तनाव और अनिश्चितता का सीधा असर भारतीय बाजार पर पड़ा है। लिवेलॉन्ग वेल्थ के संस्थापक हरिप्रसाद ने बताया कि अमेरिकी बाजारों में भारी बिकवाली देखने को मिली है। नैस्डैक कंपोजिट 2.4 प्रतिशत गिरकर करेक्शन जोन में पहुंच गया, जबकि डाउ जोन्स 400 से अधिक अंक टूट गया और एसएंडपी 500 में 1.7 प्रतिशत की गिरावट दर्ज की गई।
उन्होंने कहा कि अमेरिका-ईरान संघर्ष को लेकर ठोस समाधान न निकलने से निवेशकों में जोखिम से बचने की प्रवृत्ति बढ़ी है। इसके साथ ही कच्चे तेल की कीमतें 100 डॉलर प्रति बैरल के पार पहुंचने से वैश्विक स्तर पर महंगाई को लेकर चिंता गहरा गई है।
तेल कीमतों और भू-राजनीतिक तनाव का असर
एनरिच मनी के सीईओ पोनमुडी आर ने कहा कि पश्चिम एशिया में बढ़ते तनाव के चलते बाजार में अस्थिरता बनी हुई है। ब्रेंट क्रूड की कीमतें 100-107 डॉलर प्रति बैरल के बीच बनी हुई हैं, जिससे इनपुट लागत और महंगाई का दबाव बढ़ सकता है।
विशेषज्ञों का मानना है कि जब तक वैश्विक स्तर पर भू-राजनीतिक तनाव कम नहीं होता और कच्चे तेल की कीमतों में स्थिरता नहीं आती, तब तक बाजार में उतार-चढ़ाव बना रह सकता है। निवेशकों को सतर्क रहने और सोच-समझकर निवेश करने की सलाह दी गई है।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Angry
0
Sad
0
Wow
0
