झाँसी : दो कबाड़ व्यापारी आपस में भिड़े, मारपीट के दौरान फेंका एसिड
मोंठ थाना क्षेत्र में बुधवार की रात को वाहन पीछे करने को लेकर दो सजातीय स्क्रैप व्यापारियों में विवाद हो गया...

दोनों पक्षों के छह लोग झुलसे, पुलिस पड़ताल में जुटी
झांसी। मोंठ थाना क्षेत्र में बुधवार की रात को वाहन पीछे करने को लेकर दो सजातीय स्क्रैप व्यापारियों में विवाद हो गया। इसे लेकर जमकर मारपीट हुई। दोनों पक्षों ने एक-दूसरे पर तेजाब फेंक दिया। इससे 6 लोग झुलस गए। इनमें 5 की हालत गंभीर बताई जा रही है। सूचना पर पहुंची पुलिस ने स्थिति संभाली और सभी घायलों को नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया। दोनों पक्षों ने एक-दूसरे पर गंभीर आरोप लगाए हैं। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की पड़ताल करने में जुट गई है।
यह भी पढ़े : झाँसी मंडल में दिवाली और छठ के लिए 34 स्पेशल ट्रेनों का संचालन
कस्बा मोंठ के डाकखाने के पास दो कबाड़ व्यापारियों की दुकानें हैं। राजकुमार पांडेय की दुकान आगे की ओर है। जबकि सतीश बुधौलिया की दुकान पीछे की ओर स्थित है। बुधवार की रात करीब 8 बजे सतीश को मजदूरों की सहायता से एक वाहन लोड करना था। चालक वाहन को मेन रास्ते से लेकर दुकान पर जा रहा था। इस दौरान राजकुमार भी पहुंच गए। दोनों दुकानदारों में कहासुनी होने लगे। गाली-गलौज के बाद मामला मारपीट पर जा पहुंचा। इसी दौरान दोनों पक्षों के लोगों ने एक-दूसरे पर एसिड फेंक दिया। इससे 6 लोग झुलस गए। आसपास के लोगों ने इसकी सूचना मोंठ कोतवाल दिनेश कुरील को दी। मौके पर पहुंचकर पुलिस ने झुलसे लोगों को मोंठ सीएचसी में भर्ती कराया। घटना में एक पक्ष से लालनपुरा निवासी रामकुमार पांडेय (55), राजकुमार पांडेय (52), दूसरे पक्ष से सतीश कुमार (48), मनीष बुधौलिया (42) व अंश बुधौलिया (16) निवासी डाकखाना के पास और अमजद खान (45) निवासी वेदनगर झुलस गए।
स्वास्थ्य केन्द्र से प्राथमिक उपचार के बाद अंश के अलावा अन्य 5 लोगों की हालत गंभीर होने पर उन्हें मेडिकल कालेज रेफर कर दिया गया। जहां उनका उपचार किया जा रहा है। उधर, देर रात दोनों पक्षों से 25 से 30 लोग हाथ में लाठी-डंडे लेकर नगर के मुख्य मार्ग पर एकत्रित हो गए। आपस में गहमा-गहमी होने लगी। मौके पर पहुंची भारी पुलिस बल ने भीड़ को हटाया।
राजकुमार पांडेय ने बताया कि वह अपने भाई के साथ अपनी दुकान पर बैठे थे। इस दौरान दूसरे पक्ष के 6 लोग पहुंचे। रंजिश को लेकर गाली-गलौज करने लगे। लोहे के सरिया से मारपीट कर दी। हम दोनों भाइयों के ऊपर तेजाब डाल दिया। कुछ दिन पहले दूसरे पक्ष की दुकान का एक वीडियो उन्होंने पुलिस को दिया था। इसके बाद से वे रंजिश रखते हैं। कई बार उनसे विवाद हो चुका है। विपक्षियों ने वाहन से उनकी दुकान में टक्कर मार दी थी।
यह भी पढ़े : प्रयागराज : महाकुंभ की तैयारियों में जुटे अधिकारी, दिन-रात हो रहा काम
वहीं दूसरे पक्ष के सतीश कुमार बुधौलिया का कहना है कि उनकी कबाड़ की दुकान का पंजीकरण है। सामान लोड करने के लिए वाहन उनके दुकान पर जा रहा था। मेन रोड से वाहन को बैक किया जा रहा था। इस दौरान विपक्षी लोग वाहन चालक के साथ गाली-गलौज करने लगे सूचना पर वह अपने भाई और एक मजदूर के साथ मौके पर पहुंचा। इस पर विपक्षी लोगों ने तेजाब की बोतल उठाकर उन पर फेंकना शुरू कर दिया। तेजाब से शरीर गंभीर रूप से झुलस गया।
एसपी ग्रामीण गोपीनाथ सोनी ने गुरुवार को बताया कि एक ही बिरादरी के दो स्क्रैप व्यापारियों में रात करीब 8 बजे झगड़ा हो गया। इसमें दोनों पक्षों ने एक-दूसरे पर बैट्री का पानी (एसिड) फेंक दिया। इसमें कुछ लोग झूलसे हैं। दोनों पक्षों की शिकायत के आधार पर कार्रवाई की जा रही है।
हिन्दुस्थान समाचार
What's Your Reaction?






