अंतरराष्ट्रीय योग दिवस की तैयारियां अंतिम चरण में, सीडीओ ने दिए सख्त निर्देश

12वें अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के सफल आयोजन को लेकर जिला प्रशासन पूरी तरह सक्रिय है। मुख्य विकास अधिकारी (सीडीओ) अजय कुमार पाण्डेय के निर्देशन...

Jun 20, 2026 - 15:40
Jun 20, 2026 - 15:42
 0  16
अंतरराष्ट्रीय योग दिवस की तैयारियां अंतिम चरण में, सीडीओ ने दिए सख्त निर्देश

21 जून को सुबह 6 बजे होगा सामूहिक योगाभ्यास, लापरवाही पर कार्रवाई की चेतावनी

बाँदा। 12वें अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के सफल आयोजन को लेकर जिला प्रशासन पूरी तरह सक्रिय है। मुख्य विकास अधिकारी (सीडीओ) अजय कुमार पाण्डेय के निर्देशन में जनपद की सभी ग्राम पंचायतों, पंचायत भवनों, अमृत सरोवरों तथा अन्य चयनित स्थलों पर तैयारियां अंतिम चरण में पहुंच गई हैं।

सीडीओ अजय कुमार पाण्डेय ने स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि 21 जून को प्रातः 6 बजे आयोजित होने वाले योग कार्यक्रम में किसी भी प्रकार की कमी नहीं रहनी चाहिए। उन्होंने सभी खंड विकास अधिकारियों, ग्राम पंचायत अधिकारियों एवं संबंधित विभागीय अधिकारियों को कार्यक्रम स्थलों पर साफ-सफाई, पेयजल, शौचालय, विद्युत व्यवस्था, बैठने की समुचित व्यवस्था, योगाभ्यास के लिए पर्याप्त स्थान, योग मैट एवं ध्वनि विस्तारक यंत्र की व्यवस्था समय से पूर्ण करने के निर्देश दिए हैं।

मुख्य विकास अधिकारी ने कहा कि प्रत्येक अधिकारी अपने क्षेत्र की तैयारियों की व्यक्तिगत रूप से समीक्षा करे तथा व्यवस्थाएं पूर्ण होने के बाद कार्यक्रम स्थल की फोटोग्राफ उपलब्ध कराना सुनिश्चित करे। उन्होंने स्पष्ट किया कि तस्वीरों से यह दिखाई देना चाहिए कि सभी व्यवस्थाएं पूरी तरह दुरुस्त हैं।

सीडीओ ने चेतावनी देते हुए कहा कि किसी भी स्तर पर शिथिलता, उदासीनता अथवा लापरवाही पाए जाने पर संबंधित अधिकारी एवं कर्मचारी की जिम्मेदारी तय करते हुए आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।

अजय कुमार पाण्डेय ने अधिकतम जनभागीदारी सुनिश्चित करने पर भी विशेष जोर दिया। उन्होंने निर्देश दिए कि ग्राम पंचायतों, स्वयं सहायता समूहों, विद्यालयों, आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं, आशा बहुओं एवं स्वयंसेवी संगठनों को कार्यक्रम से जोड़कर इसे जनआंदोलन का स्वरूप दिया जाए। साथ ही सभी विभाग अपने अधीनस्थ कर्मचारियों की शत-प्रतिशत उपस्थिति सुनिश्चित करें।

उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि वे कार्यक्रम स्थल पर निर्धारित समय से कम से कम एक घंटा पहले पहुंचें तथा कॉमन योग प्रोटोकॉल के अनुसार सभी व्यवस्थाएं सुनिश्चित करें। कार्यक्रम की फोटो एवं वीडियो रिकॉर्डिंग कराते हुए आयोजन की विस्तृत रिपोर्ट भी उपलब्ध कराई जाए।

सीडीओ अजय कुमार पाण्डेय ने कहा कि अंतरराष्ट्रीय योग दिवस जनपद का एक महत्वपूर्ण कार्यक्रम है और सभी अधिकारी व्यक्तिगत रुचि लेकर इसकी तैयारियां पूर्ण करें, ताकि आयोजन सफलतापूर्वक संपन्न हो सके।

जिला प्रशासन ने जनपदवासियों से अपील की है कि वे 21 जून को प्रातः 6 बजे अपने निकटतम पंचायत भवन, अमृत सरोवर अथवा निर्धारित स्थल पर पहुंचकर सामूहिक योगाभ्यास में भाग लें और योग को अपने दैनिक जीवन का हिस्सा बनाएं।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Angry Angry 0
Sad Sad 0
Wow Wow 0