गवाईन नदी पुनर्जीवन अभियान का शुभारंभ, जल संरक्षण की दिशा में बाँदा का बड़ा कदम

बुंदेलखंड में जल संकट के स्थायी समाधान की दिशा में जनपद बाँदा ने एक महत्वपूर्ण पहल करते हुए गवाईन नदी पुनर्जीवन अभियान का शुभारंभ किया है...

Jul 4, 2026 - 18:34
Jul 4, 2026 - 18:36
 0  10
गवाईन नदी पुनर्जीवन अभियान का शुभारंभ, जल संरक्षण की दिशा में बाँदा का बड़ा कदम

डीएम अमित आसेरी ने किया भूमि पूजन, नदी के गहरीकरण व चौड़ीकरण से बढ़ेगा भूजल स्तर और किसानों को मिलेगा लाभ

बांदा। बुंदेलखंड में जल संकट के स्थायी समाधान की दिशा में जनपद बाँदा ने एक महत्वपूर्ण पहल करते हुए गवाईन नदी पुनर्जीवन अभियान का शुभारंभ किया है। जिलाधिकारी अमित आसेरी ने शुक्रवार को भूमि पूजन कर इस महत्वाकांक्षी परियोजना की शुरुआत की।

यह अभियान विकास खंड बड़ोखर खुर्द की ग्राम पंचायतों चिलेहटा, त्रिवेणी, मोहन पुरवा, गोयरा मुगली, दुरेंदी, करछा, एतवा लोहरा, मटौंध और चमराहा में संचालित किया जा रहा है। परियोजना के तहत वैज्ञानिक पद्धति से नदी की गाद निकासी, गहरीकरण और चौड़ीकरण का कार्य किया जाएगा। नदी की चौड़ाई लगभग 12 से 32 मीटर तथा गहराई 1.30 से 2 मीटर तक बढ़ाई जाएगी।

इस कार्य को खनन विभाग, लघु सिंचाई विभाग एवं ग्राम पंचायतों के समन्वय से जनसहभागिता मॉडल के तहत संचालित किया जा रहा है।

अभियान के पूरा होने पर वर्षा जल का अधिक संचयन होगा, जिससे भूजल स्तर में सुधार, सिंचाई के लिए पर्याप्त पानी, कृषि उत्पादन में वृद्धि, पशुपालन को बढ़ावा तथा ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूती मिलेगी। इसके साथ ही पर्यावरण संरक्षण, जैव विविधता संवर्धन, हरित पट्टी के विकास तथा भविष्य में मत्स्य पालन और पारिस्थितिक पर्यटन जैसे नए रोजगार के अवसर भी विकसित होंगे।

जिलाधिकारी ने जनसामान्य से जल संरक्षण को जनआंदोलन बनाने की अपील करते हुए कहा कि "जल ही जीवन है और नदियां हमारी जीवन रेखा हैं। इनके संरक्षण से ही आने वाली पीढ़ियों का जल भविष्य सुरक्षित किया जा सकता है।"

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Angry Angry 0
Sad Sad 0
Wow Wow 0