बांदा कृषि विश्वविद्यालय के 22 छात्रों का प्लेसमेंट, 46 का इंटर्नशिप के लिए चयन

बांदा कृषि एवं प्रौद्योगिक विश्वविद्यालय के छात्र-छात्राओं ने अपने ज्ञान, कौशल और प्रतिभा का प्रदर्शन करते हुए विश्वविद्यालय का गौरव बढ़ाया है...

Sep 9, 2026 - 18:00
Sep 9, 2026 - 18:02
 0  19
बांदा कृषि विश्वविद्यालय के 22 छात्रों का प्लेसमेंट, 46 का इंटर्नशिप के लिए चयन

कैंपस प्लेसमेंट ड्राइव में प्रतिष्ठित कंपनियों ने किया चयन, कुलपति ने विद्यार्थियों को दी बधाई

बांदा। बांदा कृषि एवं प्रौद्योगिक विश्वविद्यालय के छात्र-छात्राओं ने अपने ज्ञान, कौशल और प्रतिभा का प्रदर्शन करते हुए विश्वविद्यालय का गौरव बढ़ाया है। विश्वविद्यालय के प्रशिक्षण एवं प्लेसमेंट निदेशालय की ओर से आयोजित कैंपस प्लेसमेंट ड्राइव में 22 छात्रों का विभिन्न पदों पर प्लेसमेंट हुआ, जबकि 46 अंतिम वर्ष के छात्रों का इंटर्नशिप के लिए चयन किया गया।

प्लेसमेंट प्रक्रिया के दौरान देश की प्रतिष्ठित कंपनियों एवं संस्थानों ने विभिन्न चरणों में विद्यार्थियों का चयन किया। दिव्यम पशु आहार प्राइवेट लिमिटेड, लखनऊ की चयन प्रक्रिया में टेरिटरी सेल्स मैनेजर पद के लिए 18 छात्रों का चयन हुआ। वहीं, झारखंड स्थित आर्यभट्ट एजुकेशन एंड हेल्थ ट्रस्ट में कृषि विशेषज्ञ पद के लिए चार छात्रों का चयन किया गया।

इस प्रकार कुल 22 विद्यार्थियों को रोजगार के अवसर प्राप्त हुए। वहीं, अंतिम वर्ष के 46 छात्रों का चार प्रतिष्ठित संस्थानों में इंटर्नशिप के लिए चयन हुआ। इनमें आर्यभट्ट एजुकेशन एंड हेल्थ ट्रस्ट, कृषि रसायन कंपनी बीएएसएफ (BASF), नोएडा स्थित सवीर बायोटेक प्राइवेट लिमिटेड तथा लखनऊ की दिव्यम पशु आहार प्राइवेट लिमिटेड शामिल हैं।

रोजगार के लिए विद्यार्थियों को तैयार कर रहा निदेशालय

प्लेसमेंट नोडल अधिकारी डॉ. अभिषेक कालिया ने बताया कि प्रशिक्षण एवं प्लेसमेंट निदेशालय द्वारा विद्यार्थियों को रोजगार की बदलती आवश्यकताओं के अनुरूप तैयार करने के लिए नियमित रूप से प्लेसमेंट ड्राइव, औद्योगिक भ्रमण, प्रशिक्षण कार्यक्रम और व्यक्तित्व विकास कार्यशालाएं आयोजित की जा रही हैं।

इन कार्यक्रमों के माध्यम से विद्यार्थियों के तकनीकी ज्ञान के साथ-साथ संचार कौशल, नेतृत्व क्षमता, व्यक्तित्व विकास और व्यावसायिक दक्षता को मजबूत किया जा रहा है।

कुलपति ने दी विद्यार्थियों को बधाई

विद्यार्थियों की उपलब्धि पर विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. एस.वी.एस. राजू ने चयनित विद्यार्थियों को बधाई दी और प्रशिक्षण एवं प्लेसमेंट निदेशालय के प्रयासों की सराहना की। उन्होंने कहा कि विश्वविद्यालय विद्यार्थियों को बेहतर रोजगार और कैरियर के अवसर उपलब्ध कराने के लिए लगातार प्रयासरत है।

कुलपति ने कहा कि विद्यार्थियों को औद्योगिक संस्थानों का व्यावहारिक अनुभव देने के साथ उनके व्यक्तित्व और सम्प्रेषण कौशल को मजबूत करने के लिए विभिन्न कार्यशालाएं आयोजित की जा रही हैं। विश्वविद्यालय का उद्देश्य है कि विद्यार्थी कृषि क्षेत्र की वर्तमान एवं भावी जरूरतों के अनुरूप अपने ज्ञान और कौशल को विकसित कर रोजगार के साथ उद्यमिता के क्षेत्र में भी आगे बढ़ें।

उन्होंने कहा कि उद्योग और शैक्षणिक संस्थानों के बीच बेहतर समन्वय स्थापित कर विद्यार्थियों के लिए अधिक से अधिक प्लेसमेंट एवं इंटर्नशिप के अवसर उपलब्ध कराने की दिशा में विश्वविद्यालय लगातार कार्य कर रहा है।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Angry Angry 0
Sad Sad 0
Wow Wow 0