पर्यटन और कनेक्टिविटी को नई दिशा देगा यह हाईस्पीड रेल संपर्क
झांसी। रेल मंत्रालय, भारत सरकार ने बनारस और खजुराहो के बीच वंदे भारत एक्सप्रेस (ट्रेन संख्या 26506/26505) के नियमित संचालन को स्वीकृति प्रदान कर दी है। यह अत्याधुनिक सेमी हाईस्पीड ट्रेन 11 नवम्बर 2025 से नियमित रूप से चलना शुरू करेगी। यह ट्रेन सप्ताह में छह दिन (गुरुवार को छोड़कर) चलेगी।
वंदे भारत एक्सप्रेस उत्तर प्रदेश और मध्य प्रदेश के धार्मिक, सांस्कृतिक और पर्यटन स्थलों को जोड़ते हुए क्षेत्रीय विकास की दिशा में एक बड़ा कदम मानी जा रही है। बनारस और खजुराहो दोनों ही भारत की प्राचीन संस्कृति, कला और अध्यात्म के प्रतीक हैं। इस ट्रेन की शुरुआत से काशी, चित्रकूट, बाँदा और महोबा जैसे महत्वपूर्ण स्थानों की कनेक्टिविटी में ऐतिहासिक सुधार होगा।
विशेषज्ञों का मानना है कि यह रेल सेवा तीर्थाटन, शिक्षा, व्यापार और स्थानीय अर्थव्यवस्था को नई गति देगी। तीर्थ यात्रियों, पर्यटकों और छात्रों के लिए यह यात्रा अब न केवल अधिक तेज़ और सुरक्षित होगी बल्कि वंदे भारत की आधुनिक सुविधाओं के कारण अधिक आरामदायक भी बनेगी।
ट्रेन समय सारणी
गाड़ी संख्या 26506 – बनारस से खजुराहो वंदे भारत एक्सप्रेस
गाड़ी संख्या 26505 – खजुराहो से बनारस वंदे भारत एक्सप्रेस
-
खजुराहो – प्रस्थान: 15:20
-
महोबा – 16:18/16:20
-
बाँदा – 17:13/17:15
-
चित्रकूटधाम कर्वी – 18:13/18:15
-
प्रयागराज छिवकी – 20:20/20:25
-
विन्ध्याचल – 21:10/21:12
-
बनारस – आगमन: 23:10
यह ट्रेन खजुराहो से बनारस तक की यात्रा मात्र 7 घंटे 50 मिनट में पूरी करेगी।
वंदे भारत एक्सप्रेस के संचालन से बुंदेलखंड क्षेत्र के पर्यटन को नई उड़ान मिलने की उम्मीद है और यह कनेक्टिविटी क्षेत्रीय प्रगति का नया अध्याय लिखेगी।