उत्तर प्रदेश दिवस को जनोत्सव के रूप में मनाया जाए : मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ जी ने बुधवार सुबह आगामी 24 से 26 जनवरी तक आयोजित होने वाले ‘उत्तर प्रदेश दिवस’...
24 से 26 जनवरी तक होने वाले आयोजन की तैयारियों की मुख्यमंत्री ने की उच्चस्तरीय समीक्षा
लखनऊ। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ जी ने बुधवार सुबह आगामी 24 से 26 जनवरी तक आयोजित होने वाले ‘उत्तर प्रदेश दिवस’ की तैयारियों को लेकर एक उच्चस्तरीय समीक्षा बैठक की। इस दौरान मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश देते हुए कहा कि उत्तर प्रदेश दिवस केवल औपचारिक कार्यक्रम न होकर प्रदेश की पहचान, उपलब्धियों और संभावनाओं को जनसहयोग के साथ प्रदर्शित करने का सशक्त मंच बने।
मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तर प्रदेश दिवस का आयोजन हर स्तर पर प्रदेश की आत्मा को प्रतिबिंबित करने वाले जनोत्सव के रूप में किया जाए, जिससे आमजन स्वयं को इस उत्सव से जुड़ा हुआ महसूस कर सके।
अमित शाह होंगे उत्तर प्रदेश दिवस के मुख्य अतिथि
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने जानकारी दी कि इस वर्ष उत्तर प्रदेश दिवस के मुख्य अतिथि देश के गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह होंगे। उनकी गरिमामयी उपस्थिति आयोजन को राष्ट्रीय स्तर पर विशिष्ट पहचान प्रदान करेगी।
लखनऊ से होगा सीधा प्रसारण, पूरे प्रदेश में एक साथ मनाया जाएगा उत्सव
उत्तर प्रदेश दिवस का मुख्य समारोह राजधानी लखनऊ स्थित राष्ट्र प्रेरणा स्थल पर आयोजित किया जाएगा, जिसका सीधा प्रसारण प्रदेश के सभी जनपदों में किया जाएगा। मुख्यमंत्री ने कहा कि इससे उत्तर प्रदेश दिवस का उत्सव एक साथ पूरे प्रदेश में मनाया जा सकेगा और जनभागीदारी को मजबूती मिलेगी।
‘विकसित भारत–विकसित उत्तर प्रदेश’ थीम पर प्रदर्शनी और शिल्प मेला
24 जनवरी को आयोजित होने वाले मुख्य समारोह में प्रदेश के सभी जनपदों से विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट योगदान देने वाले गणमान्य नागरिकों को आमंत्रित कर प्रदेश की सामूहिक उपलब्धियों का सम्मान किया जाएगा। इस अवसर पर
-
‘विकसित भारत–विकसित उत्तर प्रदेश’ की थीम पर आधारित विशेष प्रदर्शनी,
-
भव्य शिल्प मेला,
-
तथा ‘एक जनपद–एक व्यंजन’ कार्यक्रम आयोजन के प्रमुख आकर्षण होंगे।
संस्कृति उत्सव 2025–26 को उत्तर प्रदेश दिवस से जोड़ने के निर्देश
मुख्यमंत्री ने निर्देश दिए कि संस्कृति उत्सव 2025–26 के अंतर्गत प्रस्तावित सांस्कृतिक कार्यक्रमों को उत्तर प्रदेश दिवस के आयोजन से प्रभावी रूप से जोड़ा जाए।
उन्होंने कहा कि ‘हमारी संस्कृति–हमारी पहचान’ की भावना के अनुरूप लोक, शास्त्रीय एवं समकालीन कला रूपों को मंच प्रदान किया जाए तथा कलाकारों और आगंतुकों के लिए समुचित सुविधाएं सुनिश्चित की जाएं।
प्रदेश की संस्कृति, स्वाद, शिल्प और विकास दृष्टि का संगम बने आयोजन
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि उत्तर प्रदेश दिवस–2026 ऐसा आयोजन बने, जो प्रदेश की संस्कृति, स्वाद, शिल्प और विकास की दृष्टि को एक साथ प्रस्तुत करे और प्रत्येक आगंतुक के लिए यह प्रेरणादायी, स्मरणीय और गर्व का विषय बने।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Angry
0
Sad
0
Wow
0
