बीयू में विधि छात्रों संग मारपीट पर बवाल, 5 घंटे तक मुख्य गेट पर तालाबंदी

बुंदेलखंड विश्वविद्यालय में विधि विभाग के छात्रों के साथ हुई मारपीट का मामला अब तूल पकड़ता जा रहा है। शुक्रवार को छात्रों के भारी विरोध प्रदर्शन...

May 11, 2026 - 17:23
May 11, 2026 - 17:26
 0  19
बीयू में विधि छात्रों संग मारपीट पर बवाल, 5 घंटे तक मुख्य गेट पर तालाबंदी

छात्रों के भारी विरोध प्रदर्शन के बाद प्रशासन झुका, एक सिक्योरिटी गार्ड निलंबित — अन्य आरोपियों पर कार्रवाई की मांग तेज

बांदा/झांसी। बुंदेलखंड विश्वविद्यालय में विधि विभाग के छात्रों के साथ हुई मारपीट का मामला अब तूल पकड़ता जा रहा है। शुक्रवार को छात्रों के भारी विरोध प्रदर्शन और विश्वविद्यालय के मुख्य द्वार की तालाबंदी के बाद विश्वविद्यालय प्रशासन को कार्रवाई करने के लिए मजबूर होना पड़ा। करीब पांच घंटे तक चले प्रदर्शन के चलते विश्वविद्यालय का कामकाज पूरी तरह प्रभावित रहा।

बताया गया कि विधि विभाग के छात्र मानव श्रीवास और रोहित पाठक के साथ पिछले दिनों मारपीट की घटना हुई थी। छात्रों का आरोप है कि मामले में दोषियों के खिलाफ समय पर उचित कार्रवाई नहीं की गई, जिससे आक्रोशित छात्रों ने एकजुट होकर आंदोलन शुरू कर दिया।

प्रदर्शन को विभिन्न छात्र संगठनों और वरिष्ठ छात्र नेताओं का व्यापक समर्थन मिला। आंदोलन में अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद, समाजवादी छात्रसभा, एनएसयूआई तथा आजाद समाज पार्टी के छात्र संगठन के प्रतिनिधि मौजूद रहे। वरिष्ठ छात्र नेता लव सिन्हा, विभाग संगठन मंत्री निर्भय प्रताप, वासुदेव पोखरेल और आजाद यादव ‘मम्मा’ समेत कई छात्र नेताओं ने आंदोलन का नेतृत्व किया।

छात्रों ने विश्वविद्यालय के मुख्य गेट पर ताला लगाकर प्रशासन के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। बढ़ते दबाव को देखते हुए कुलपति कार्यालय की ओर से तत्काल प्रभाव से कार्रवाई करते हुए मारपीट की घटना में संलिप्त पाए गए सिक्योरिटी गार्ड अमित को निलंबित कर दिया गया।

हालांकि छात्रों ने प्रशासन की इस कार्रवाई को अपर्याप्त बताते हुए कहा कि जिन अन्य छह सुरक्षा कर्मियों ने छात्रों के साथ अभद्रता की या जांच में बाधा डाली, उन पर भी कड़ी कार्रवाई की जाए। साथ ही सार्वजनिक माफी और मुख्य गार्ड को हटाने की मांग भी छात्रों ने उठाई है।

छात्र प्रतिनिधियों ने कुलपति से वार्ता के दौरान चेतावनी दी कि यदि सात दिनों के भीतर उनकी सभी मांगें पूरी नहीं की गईं तो वे क्रमिक अनशन शुरू करेंगे। फिलहाल विश्वविद्यालय परिसर में स्थिति तनावपूर्ण लेकिन नियंत्रण में बनी हुई है। एहतियात के तौर पर भारी पुलिस बल और अतिरिक्त सुरक्षा कर्मियों की तैनाती की गई है।

प्रदर्शन में मानव श्रीवास, रोहित पाठक, वासुदेव पोखरेल, लव सिन्हा, हर्ष शर्मा, सूर्या प्रताप सिंह, हर्षवर्धन यादव, सुधांशु दुबे, श्याम जी शर्मा, कार्तिक, विश्व प्रताप सिंह, विराट सिंह, देव सिंह कुशवाहा, लवकुश पटेल, नितेश यादव, आदर्श, हिमांशु यादव, उत्तम सिंह राजपूत, श्याम सुंदर राजपूत, अविनाश, रितेश शुक्ला, शिवांक शर्मा, युवराज राठौर सहित सैकड़ों छात्र मौजूद रहे।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Angry Angry 0
Sad Sad 0
Wow Wow 0