यूपी को मिल सकता है तीसरा डिप्टी सीएम

उत्तर प्रदेश में भाजपा के नए प्रदेश अध्यक्ष की नियुक्ति के साथ ही लंबे समय से लंबित संगठनात्मक बदलाव की प्रक्रिया पूरी हो गई है...

Dec 17, 2025 - 16:22
Dec 17, 2025 - 16:51
 0  66
यूपी को मिल सकता है तीसरा डिप्टी सीएम

कैबिनेट विस्तार का रास्ता साफ, छह पद खाली; भूपेंद्र चौधरी की वापसी लगभग तय

लखनऊ। उत्तर प्रदेश में भाजपा के नए प्रदेश अध्यक्ष की नियुक्ति के साथ ही लंबे समय से लंबित संगठनात्मक बदलाव की प्रक्रिया पूरी हो गई है। इसके साथ ही मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के मंत्रिमंडल के बहुप्रतीक्षित विस्तार का रास्ता भी साफ हो गया है। सूत्रों के अनुसार, यूपी कैबिनेट में जल्द ही विस्तार और फेरबदल हो सकता है, जिसमें तीसरे उपमुख्यमंत्री की नियुक्ति की अटकलें भी तेज हो गई हैं।

वर्तमान में उत्तर प्रदेश मंत्रिपरिषद में कुल 54 सदस्य हैं, जबकि संवैधानिक प्रावधानों के अनुसार मंत्रिपरिषद में अधिकतम 60 सदस्य हो सकते हैं। ऐसे में फिलहाल 6 पद खाली हैं। इन्हीं खाली पदों को भरने को लेकर राजनीतिक गलियारों में चर्चाएं जोरों पर हैं।

भूपेंद्र चौधरी की मंत्रिमंडल में वापसी तय मानी जा रही
निवर्तमान यूपी भाजपा अध्यक्ष और वरिष्ठ जाट नेता भूपेंद्र सिंह चौधरी की मंत्रिमंडल में वापसी लगभग तय मानी जा रही है। वर्ष 2022 में पार्टी संगठन की जिम्मेदारी संभालने से पहले वह योगी सरकार में पंचायती राज मंत्री रह चुके हैं। पश्चिमी उत्तर प्रदेश में जाट समुदाय के बीच उनकी मजबूत पकड़ मानी जाती है और संगठन के लिहाज से भी उनका अनुभव अहम माना जा रहा है। संगठनात्मक पद से हटने के बाद उन्हें मंत्रिमंडल में स्थान देकर राजनीतिक संतुलन साधे जाने की संभावना जताई जा रही है।

तीसरे डिप्टी सीएम की अटकलें तेज
सूत्रों के मुताबिक, सामाजिक संतुलन को और मजबूत करने के लिए भाजपा अनुसूचित जाति (एससी) समुदाय से किसी बड़े चेहरे को सरकार में अहम जिम्मेदारी देने पर विचार कर रही है। वर्तमान में केशव प्रसाद मौर्य (ओबीसी) और बृजेश पाठक (ब्राह्मण) उपमुख्यमंत्री हैं। अब एससी समुदाय से तीसरे उपमुख्यमंत्री की नियुक्ति की अटकलें राजनीतिक हलकों में तेज हो गई हैं।

भाजपा नेतृत्व का मानना है कि इससे न केवल सामाजिक समीकरण साधे जा सकेंगे, बल्कि आगामी राजनीतिक चुनौतियों के मद्देनजर संगठन और सरकार दोनों को मजबूती मिलेगी। हालांकि, इस पूरे मामले पर पार्टी या सरकार की ओर से अभी कोई आधिकारिक घोषणा नहीं की गई है, लेकिन संकेत साफ हैं कि आने वाले दिनों में योगी मंत्रिमंडल का विस्तार और पुनर्गठन देखने को मिल सकता है।

Courtesy of: UPTAK

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Angry Angry 0
Sad Sad 0
Wow Wow 0