उप्र : प्रादेशिक फल, शाकभाजी एवं पुष्प प्रदर्शनी में कृषि विश्वविद्यालय बांदा को द्वितीय पुरस्कार

प्रदेश की राजधानी लखनऊ में आयोजित चार दिवसीय प्रादेशिक फल, शाकभाजी एवं पुष्प प्रदर्शनी में कृषि विश्वविद्यालय, बांदा...

Feb 10, 2026 - 17:26
Feb 10, 2026 - 17:28
 0  9
उप्र : प्रादेशिक फल, शाकभाजी एवं पुष्प प्रदर्शनी में कृषि विश्वविद्यालय बांदा को द्वितीय पुरस्कार

जनभवन, लखनऊ। प्रदेश की राजधानी लखनऊ में आयोजित चार दिवसीय प्रादेशिक फल, शाकभाजी एवं पुष्प प्रदर्शनी में कृषि विश्वविद्यालय, बांदा को शैक्षिक संस्थाओं की श्रेणी में द्वितीय स्थान प्राप्त हुआ। शुक्रवार 6 फरवरी को जनभवन में आयोजित इस प्रदर्शनी का शुभारंभ प्रदेश की महामहिम राज्यपाल श्रीमती आनंदी बेन पटेल द्वारा किया गया।

प्रदर्शनी के दौरान कृषि विश्वविद्यालय बांदा द्वारा स्थापित स्टॉल में विश्वविद्यालय के उद्यानिक नवाचारों, मॉडलों एवं प्रायोगिक शिक्षण से जुड़े उत्पादों का सजीव प्रदर्शन किया गया। प्रदर्शनी के मध्य भाग में उद्यान महाविद्यालय के पुष्प विभाग द्वारा निर्मित ऐतिहासिक शंख एवं चक्र की पुष्प प्रतिकृति आगंतुकों के आकर्षण का केंद्र रही।

स्टॉल के भ्रमण के दौरान राज्यपाल ने स्नातक, परास्नातक एवं शोध छात्रों द्वारा तैयार किए गए मॉडलों, नवाचारों और उद्यमिता प्रयासों की सराहना करते हुए छात्रों को प्रायोगिक शिक्षण के माध्यम से बाजार की मांग से जुड़ने के लिए प्रेरित किया।

प्रदर्शनी में प्रदेश सरकार के उद्यान मंत्री दिनेश प्रताप सिंह, विभिन्न विभागों के निदेशकों, प्रबुद्ध जनों एवं छात्रों ने भी विश्वविद्यालय के स्टॉल का भ्रमण कर जानकारी प्राप्त की। प्रदर्शनी के अंतिम दिन सोमवार को महामहिम राज्यपाल द्वारा कृषि विश्वविद्यालय बांदा को सक्रिय सहभागिता, उत्कृष्ट प्रदर्शन एवं नवोन्मेष के लिए ट्रॉफी एवं प्रमाणपत्र प्रदान कर द्वितीय पुरस्कार से सम्मानित किया गया।

इस उपलब्धि पर विश्वविद्यालय के कुलपति डॉ. एस. वी. एस. राजू ने उद्यान महाविद्यालय परिवार एवं छात्र-छात्राओं को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि बुंदेलखंड के समग्र विकास में उद्यानिकी की महत्वपूर्ण भूमिका है और विश्वविद्यालय सब्जी, पुष्प एवं फलों की नवीन प्रजातियों के प्रसार के लिए निरंतर प्रयासरत है।

उद्यान महाविद्यालय के अधिष्ठाता डॉ. एस. वी. द्विवेदी ने बताया कि महाविद्यालय छात्रों में उद्यमिता विकास के लिए कृतसंकल्पित है और कई पूर्व छात्र आज उद्यमिता के क्षेत्र में अपनी पहचान बना रहे हैं। उन्होंने प्रदर्शनी में प्रतिभाग करने वाली टीम एवं सभी छात्र-छात्राओं को बधाई दी।

विश्वविद्यालय की ओर से प्रो. आनंद सिंह, डॉ. श्वेता सोनी, डॉ. बालाजी विक्रम, डॉ. अमित कन्नौजीया एवं राम कुमार ने प्रदर्शनी में सहभागिता की, जबकि छात्र मोहित, गौरव, उपासना, आर्या एवं पुष्पेन्द्र ने सहयोग प्रदान किया।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Angry Angry 0
Sad Sad 0
Wow Wow 0