उप्र में बुन्देलखण्ड के रास्ते प्रवेश कर गया मानसून, शुरु हुई बारिश
भीषण गर्मी को झेल रहे उत्तर प्रदेशवासियों के लिए खुशखबरी है, क्योंकि मानसून की दक्षिणी सीमा बुन्देलखण्ड में प्रवेश...

कानपुर। भीषण गर्मी को झेल रहे उत्तर प्रदेशवासियों के लिए खुशखबरी है, क्योंकि मानसून की दक्षिणी सीमा बुन्देलखण्ड में प्रवेश कर गई। इससे बुन्देलखण्ड एवं कानपुर सहित मध्य उत्तर प्रदेश में बारिश होना शुरु हो गई है और कानपुर में 33 मिमी बारिश हुई। हालांकि पूर्वी सीमा भी धीरे—धीरे उत्तर प्रदेश की ओर बढ़ रही है और आगामी दो से तीन दिन में पूरे उत्तर प्रदेश में झमाझम बारिश होगी। इस दौरान स्थानीय स्तर पर हल्की से मध्यम बारिश होती रहेगी जिससे तापमान में बराबर गिरावट हो रही है।
चन्द्रशेखर आजाद कृषि प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय के मौसम वैज्ञानिक डॉ. एस एन सुनील पाण्डेय ने बुधवार को बताया कि मानसून की उत्तरी सीमा वेरावल, राजपीपला, उज्जैन, विदिशा, सिद्धि, चाईबासा, हल्दिया, पाकुड़, साहिबगंज और रक्सौल से होकर गुजर रही है। उत्तरी अरब सागर और गुजरात, मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़, पश्चिम बंगाल, झारखंड और बिहार के कुछ हिस्सों, उत्तर प्रदेश के कुछ हिस्सों में दक्षिण-पश्चिम मानसून के आगे बढ़ने के लिए परिस्थितियां अब अनुकूल हैं। दक्षिणी पश्चिमी मानसून से उत्तर प्रदेश के बुन्देलखण्ड और मध्य क्षेत्र में हल्की से मध्यम बारिश हो रही है और आगामी 24 घंटे में भी बारिश के आसार बने हुए हैं। वहीं पूर्वी सीमा भी आगे बढ़ रही है और दो से तीन दिन में पूरे उत्तर प्रदेश में झमाझम बारिश शुरु हो जाएगी। बारिश होने से तापमान तो गिर रहा है लेकिन उमस भरी गर्मी बढ़ रही है। यह स्थिति आगामी दो से तीन दिन तक रहेगी इसके बाद झमाझम बारिश से मौसम में बदलाव आ जाएगा।
मौसम वैज्ञानिक ने बताया कि कानपुर में 33 मिमी बारिश होने से तापमान में 9 डिग्री की गिरावट हो गई और अधिकतम तापमान 27.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। इसी प्रकार न्यूनतम तापमान 26.6 डिग्री सेल्सियस रहा। सुबह की सापेक्षिक आर्द्रता 82 और दोपहर की सापेक्षिक आर्द्रता 98 प्रतिशत रही। हवाओं की दिशाएं दक्षिण पूर्व रही जिनकी औसत गति 6.3 किमी प्रति घंटा रही।
हिन्दुस्थान समाचार
What's Your Reaction?






