गांधी जयंती पर बांदा में विधिक जागरूकता कार्यक्रम, निकाली गई प्रभात फेरी
गांधी जयंती के अवसर पर उत्तर प्रदेश राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण, लखनऊ एवं जिला विधिक सेवा प्राधिकरण...
बांदा। गांधी जयंती के अवसर पर उत्तर प्रदेश राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण, लखनऊ एवं जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, बांदा के निर्देशन में विशेष अभियान के तहत विभिन्न विधिक जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए गए। इस दौरान प्रभात फेरी, नुक्कड़ नाटक और विधिक जागरूकता शिविर के माध्यम से लोगों एवं विद्यार्थियों को कानून की जानकारी दी गई।
कार्यक्रम की शुरुआत दीवानी न्यायालय परिसर में महात्मा गांधी एवं पूर्व प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री के चित्र पर माल्यार्पण से हुई। जनपद न्यायाधीश एवं जिला विधिक सेवा प्राधिकरण की अध्यक्षा श्रीमती अल्पना सहित न्यायिक अधिकारियों और कर्मचारियों ने दोनों महापुरुषों के जीवन एवं संघर्षों पर विचार व्यक्त किए।
इसके बाद सुबह 8:30 बजे जनपद न्यायाधीश श्रीमती अल्पना ने हरी झंडी दिखाकर प्रभात फेरी को रवाना किया। इसमें राजकीय इंटर कॉलेज, बांदा के विद्यार्थियों ने प्रतिभाग किया। प्रभात फेरी के माध्यम से लोगों को विधिक जागरूकता और गांधी जी के विचारों का संदेश दिया गया।
POCSO एक्ट पर विद्यार्थियों को दी कानूनी जानकारी
सुबह 9:30 बजे ग्राम लामा स्थित संत कृपाल सिंह विधि महाविद्यालय में पॉक्सो एक्ट के संबंध में विधिक जागरूकता शिविर आयोजित किया गया। शिविर की अध्यक्षता अपर जिला जज (एससी/एसटी) डॉ. विकास श्रीवास्तव ने की। उन्होंने विद्यार्थियों को पॉक्सो एक्ट के विभिन्न प्रावधानों की जानकारी दी।
अपर जिला जज (पॉक्सो एक्ट) प्रदीप कुमार मिश्रा ने यौन अपराधों से बच्चों का संरक्षण अधिनियम-2012 के प्रावधानों और बच्चों को यौन शोषण से बचाने के लिए कानून में किए गए प्रावधानों की जानकारी दी। उन्होंने विद्यार्थियों के कानून से संबंधित सवालों के जवाब भी दिए।
जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के सचिव सौरव सिंह और सहायक जिला शासकीय अधिवक्ता कमल सिंह गौतम ने भी विधिक जानकारी साझा की। इस अवसर पर विधि छात्र-छात्राओं द्वारा गांधी जयंती पर महात्मा गांधी के जीवन और शिक्षाओं पर बनाई गई पेंटिंग्स का न्यायिक अधिकारियों ने निरीक्षण किया।
नुक्कड़ नाटक के जरिए दिया जागरूकता संदेश
महाराणा प्रताप चौराहा स्थित पार्क में सुबह 9 बजे आदर्श बजरंग इंटर कॉलेज के विद्यार्थियों ने पॉक्सो अधिनियम पर आधारित नुक्कड़ नाटक प्रस्तुत किया। नाटक के माध्यम से बच्चों की सुरक्षा, यौन शोषण से बचाव और कानून के प्रति जागरूक रहने का संदेश दिया गया।
कार्यक्रमों में न्यायिक अधिकारी, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के कर्मचारी, पराविधिक स्वयंसेवक, विद्यालय एवं महाविद्यालय के शिक्षक-शिक्षिकाएं तथा बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं मौजूद रहे।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Angry
0
Sad
0
Wow
0
