बांदा कृषि विश्वविद्यालय में "नशा मुक्त युवा–विकसित भारत संकल्प अभियान" का शुभारंभ

युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय, भारत सरकार तथा राजभवन, लखनऊ के निर्देशों के क्रम में बांदा कृषि एवं प्रौद्योगिक विश्वविद्यालय के उद्यान महाविद्यालय सभागार में...

Aug 2, 2026 - 19:28
Aug 2, 2026 - 19:30
 0  10
बांदा कृषि विश्वविद्यालय में "नशा मुक्त युवा–विकसित भारत संकल्प अभियान" का शुभारंभ

बांदा। युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय, भारत सरकार तथा राजभवन, लखनऊ के निर्देशों के क्रम में बांदा कृषि एवं प्रौद्योगिक विश्वविद्यालय के उद्यान महाविद्यालय सभागार में "नशा मुक्त युवा–विकसित भारत संकल्प अभियान" के अंतर्गत 100 सप्ताह के राष्ट्रीय जनआंदोलन का शुभारंभ किया गया। कार्यक्रम का उद्घाटन मुख्य अतिथि एवं विश्वविद्यालय के कुलपति डॉ. एस.वी.एस. राजू ने मां सरस्वती के चित्र पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्ज्वलित कर किया।

अपने प्रेरणादायी संबोधन में कुलपति डॉ. राजू ने छात्र-छात्राओं से आह्वान किया कि वे किसी भी प्रकार के मादक पदार्थों से दूर रहकर ज्ञान, लक्ष्य, परिश्रम और सफलता को अपने जीवन का उद्देश्य बनाएं। उन्होंने कहा कि सकारात्मक सोच और अनुशासित जीवन ही व्यक्ति को निरंतर प्रगति एवं सफलता की ओर अग्रसर करता है। साथ ही विद्यार्थियों को उच्च लक्ष्य निर्धारित कर राष्ट्र निर्माण में सक्रिय भागीदारी निभाने की प्रेरणा भी दी।

कार्यक्रम की शुरुआत में छात्र कल्याण अधिष्ठाता डॉ. अजीत सिंह ने अतिथियों का स्वागत करते हुए अभियान की रूपरेखा एवं उद्देश्य पर प्रकाश डाला। इसके बाद उन्होंने उपस्थित छात्र-छात्राओं, शिक्षकों एवं अधिकारियों को नशा मुक्ति की शपथ दिलाई।

राष्ट्रीय सेवा योजना के कार्यक्रम अधिकारी डॉ. योगेश ने विषय प्रवर्तन करते हुए युवाओं में बढ़ती नशे की प्रवृत्ति, उसके सामाजिक दुष्प्रभावों एवं विभिन्न सर्वेक्षणों के निष्कर्षों पर विस्तार से जानकारी दी। इसके उपरांत भारत सरकार के राष्ट्रीय कार्यक्रम के अंतर्गत प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के संबोधन का उद्यान महाविद्यालय के कॉन्फ्रेंस हॉल में सजीव प्रसारण किया गया।

सजीव प्रसारण के दौरान नशा मुक्ति विषय पर आधारित एक प्रेरक नाट्य प्रस्तुति भी दिखाई गई, जिसमें यह संदेश दिया गया कि नशे की शुरुआत व्यक्ति का स्वयं का निर्णय होती है और उसका पहला कदम ही सबसे खतरनाक साबित हो सकता है। इस प्रस्तुति ने विद्यार्थियों को नशा मुक्त एवं स्वस्थ जीवन अपनाने के लिए प्रेरित किया। कार्यक्रम के सफल संचालन में डॉ. धीरज मिश्रा एवं डॉ. अन्नू का विशेष सहयोग रहा।

इस अवसर पर निदेशक प्रशासन एवं अनुश्रवण डॉ. नरेंद्र सिंह ने युवाओं पर नशे के सामाजिक, पारिवारिक एवं मानसिक दुष्प्रभावों पर प्रकाश डालते हुए सभी से नशा मुक्त समाज के निर्माण में सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान किया।

कार्यक्रम के अंत में सहायक छात्र कल्याण अधिष्ठाता डॉ. पूनम पांडे ने धन्यवाद ज्ञापन प्रस्तुत करते हुए अभियान के महत्व और उद्देश्य पर प्रकाश डाला तथा सभी अतिथियों एवं प्रतिभागियों के प्रति आभार व्यक्त किया।

इस अवसर पर निदेशक शोध डॉ. जगन्नाथ पाठक, उद्यान महाविद्यालय के अधिष्ठाता डॉ. एस.वी. द्विवेदी, कुलसचिव एस.के. सिंह, राष्ट्रीय सेवा योजना के कार्यक्रम समन्वयक डॉ. आनंद कुमार चौबे, विभिन्न विभागों के विभागाध्यक्ष, कार्यक्रम अधिकारी, शिक्षकगण एवं बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे। कार्यक्रम का संचालन डॉ. हंसमीत कौर ने किया तथा समापन नशा मुक्त एवं विकसित भारत के सामूहिक संकल्प के साथ हुआ।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Angry Angry 0
Sad Sad 0
Wow Wow 0