होमगार्ड परीक्षा 2026 को लेकर हमीरपुर पुलिस अलर्ट, ASP ने की ब्रीफिंग
जनपद में आगामी होमगार्ड परीक्षा-2026 को शुचितापूर्ण एवं शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए पुलिस प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं...
- परीक्षा ड्यूटी में तैनात पुलिस बल को सतर्कता और निष्पक्षता के निर्देश
- अभ्यर्थियों से शालीन व्यवहार और अव्यवस्था पर तत्काल कार्रवाई के आदेश
- नकल विहीन परीक्षा के लिए पुलिस-प्रशासन में समन्वय पर जोर
हमीरपुर। जनपद में आगामी होमगार्ड परीक्षा-2026 को शुचितापूर्ण एवं शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए पुलिस प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। इसी क्रम में शुक्रवार को पुलिस लाइन स्थित सभागार में अपर पुलिस अधीक्षक हमीरपुर द्वारा परीक्षा ड्यूटी में तैनात अधिकारियों एवं कर्मचारियों की ब्रीफिंग की गई।
ब्रीफिंग के दौरान अपर पुलिस अधीक्षक ने परीक्षा की संवेदनशीलता और महत्व को रेखांकित करते हुए स्पष्ट निर्देश दिए कि परीक्षा के दौरान किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने सभी अधिकारियों और कर्मचारियों को अपनी ड्यूटी पूरी निष्ठा, जिम्मेदारी और सतर्कता के साथ निभाने को कहा।
उन्होंने कहा कि परीक्षा केंद्रों पर आने वाले अभ्यर्थियों के साथ पुलिस का व्यवहार शालीन और संयमित होना चाहिए, ताकि परीक्षार्थियों को किसी प्रकार की असुविधा न हो। साथ ही केंद्रों पर किसी भी प्रकार की अनियमितता या अव्यवस्था की सूचना मिलने पर तत्काल प्रभावी वैधानिक कार्रवाई करने के निर्देश भी दिए गए।
अपर पुलिस अधीक्षक ने परीक्षा को सफल बनाने के लिए विभिन्न विभागों और पुलिस इकाइयों के बीच बेहतर तालमेल को आवश्यक बताया। उन्होंने ड्यूटी पर तैनात अधिकारियों को आपसी समन्वय बनाए रखने और समय-समय पर सूचनाओं का आदान-प्रदान करने के निर्देश दिए, जिससे परीक्षा व्यवस्थित और पारदर्शी वातावरण में संपन्न हो सके।
ब्रीफिंग के दौरान जनपद के संबंधित पुलिस अधिकारी एवं बड़ी संख्या में कर्मचारी उपस्थित रहे। प्रशासन का मुख्य उद्देश्य परीक्षा को नकल विहीन, निष्पक्ष और पारदर्शी तरीके से संपन्न कराना है।
रिपोर्ट : अखिलेश सिंह गौर, हमीरपुर...
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Angry
0
Sad
0
Wow
0
