मदन मोहन मालवीय को विश्वविद्यालय परिवार ने अर्पित की भावभीनी पुष्पांजलि

जगद्गुरु रामभद्राचार्य दिव्यांग राज्य विश्वविद्यालय में भारतरत्न महामना पंडित मदन मोहन मालवीय के पुण्य स्मरण के अवसर...

Nov 13, 2026 - 09:51
Nov 13, 2026 - 09:51
 0  1
मदन मोहन मालवीय को विश्वविद्यालय परिवार ने अर्पित की भावभीनी पुष्पांजलि

चित्रकूट। जगद्गुरु रामभद्राचार्य दिव्यांग राज्य विश्वविद्यालय में भारतरत्न महामना पंडित मदन मोहन मालवीय के पुण्य स्मरण के अवसर पर श्रद्धांजलि सभा का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ कुलपति प्रो. आरएन त्रिपाठी ने महामना के चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित कर किया।

इस अवसर पर कुलपति प्रो. त्रिपाठी ने कहा कि ऐसे युगपुरुष के अवतरण से भारत माता की कोख धन्य हो गई जिन्होंने अपना संपूर्ण जीवन राष्ट्र को एक अद्भुत और कालजयी विश्वविद्यालय समर्पित करने में लगा दिया। उन्होंने महामना के प्रति अपनी कृतज्ञता व्यक्त करते हुए कहा कि आज वैयक्तिक विकास का जो भी भव्य प्रासाद खड़ा है उसकी सुदृढ़ नींव काशी हिंदू विश्वविद्यालय पर ही टिकी है। कुलपति ने इस बात को विशेष रूप से रेखांकित किया कि जिस प्रकार महामना मालवीय ने देशाटन और भिक्षाटन के माध्यम से अथक परिश्रम कर काशी हिंदू विश्वविद्यालय की स्थापना की ठीक उसी प्रकार इस विश्वविद्यालय की स्थापना जगद्गुरु स्वामी रामभद्राचार्य महाराज ने की है। आज यह संस्थान उच्च शिक्षा और दिव्यांगजन सशक्तिकरण के क्षेत्र में एक अप्रतिम मानक के रूप में सर्वत्र स्वीकार किया जाता है। उन्होंने उपस्थित शिक्षकों, अधिकारियों और विद्यार्थियों का आह्वान करते हुए कहा कि सभी को इस विश्वविद्यालय की गरिमा और गौरव को निरंतर आगे बढ़ाने का दृढ़ संकल्प लेना चाहिए। कार्यक्रम के दौरान विश्वविद्यालय के जीवनपर्यंत कुलाधिपति के निजी सचिव रमापति मिश्रा ने भी महामना के विग्रह पर श्रद्धासुमन अर्पित किए और उनके आदर्शों पर चलते हुए राष्ट्र निर्माण में योगदान देने संबंधी अपने विचार व्यक्त किए। इस अवसर पर विवि के संकायाध्यक्ष, विभागाध्यक्ष, शिक्षकगण, अधिकारी, कर्मचारी एवं बड़ी संख्या में विद्यार्थी उपस्थित रहे।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Angry Angry 0
Sad Sad 0
Wow Wow 0