जिलाधिकारी अमित आसेरी की अध्यक्षता में सड़क सुरक्षा समिति की बैठक संपन्न, ‘जीरो फेटालिटी’ लक्ष्य हेतु अधिकारियों को कड़े निर्देश
जनपद में सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाने और ‘जीरो फेटालिटी’ (शून्य मृत्यु दर) के लक्ष्य को हासिल करने के उद्देश्य से महर्षि बामदेव सभागार...
क्रिटिकल कॉरिडोर निरीक्षण, अवैध पार्किंग हटाने, स्कूली वाहनों की फिटनेस जांच और सड़क सुरक्षा जागरूकता पर विशेष जोर
बांदा। जनपद में सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाने और ‘जीरो फेटालिटी’ (शून्य मृत्यु दर) के लक्ष्य को हासिल करने के उद्देश्य से महर्षि बामदेव सभागार, बांदा में जिलाधिकारी अमित आसेरी की अध्यक्षता में सड़क सुरक्षा समिति की महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में जिलाधिकारी ने स्पष्ट निर्देश दिए कि सड़क सुरक्षा और प्रवर्तन कार्यों में किसी भी प्रकार की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी।
बैठक में जिलाधिकारी ने सभी संबंधित विभागों को निर्देशित किया कि चिन्हित ‘क्रिटिकल कॉरिडोर’ का संयुक्त निरीक्षण कर सड़क दुर्घटनाओं को रोकने के लिए प्रभावी रणनीति तैयार की जाए। शहर के बाजारों एवं सार्वजनिक स्थलों पर सड़क किनारे खड़े अनावश्यक वाहनों को तत्काल हटाने के निर्देश दिए गए। साथ ही एक्सप्रेस-वे के नीचे अवैध रूप से खड़े होने वाले ट्रकों पर रोक लगाने के लिए ‘नो एंट्री’ बोर्ड लगाने को कहा गया।
कालू कुआं चौराहे की विशेष समीक्षा करते हुए जिलाधिकारी ने वहां यातायात व्यवस्था सुधारने के निर्देश दिए। महोखर क्षेत्र में विद्युत पोलों को 15 दिनों के भीतर हटाने तथा सेंट जेवियर्स स्कूल के पास लटकते बिजली के तारों एवं हरपर क्लब रोड के अनावश्यक पोलों को शीघ्र हटाने के आदेश जारी किए गए।
परिवहन सुरक्षा को लेकर जिलाधिकारी ने आरटीओ विभाग को 18 मई 2026 तक जनपद के सभी स्कूली वाहनों की फिटनेस जांच पूर्ण करने के निर्देश दिए। उन्होंने ओवरलोड वाहनों पर लगातार निगरानी रखने तथा दुर्घटना की स्थिति में वाहन स्वामियों के लाइसेंस निरस्त करने की चेतावनी भी दी। बिना लाइसेंस वाहन चलाने वाले छात्र-छात्राओं पर सख्ती बरतने और विद्यालयों में सड़क सुरक्षा जागरूकता कार्यक्रम चलाने के निर्देश भी दिए गए।
बैठक में तकनीकी और बुनियादी ढांचे को मजबूत करने पर भी चर्चा हुई। एनएचपीडब्ल्यूडी एवं एनएचआई को दुर्घटना संभावित हॉटस्पॉट क्षेत्रों में सीसीटीवी कैमरे लगाने के निर्देश दिए गए। रोडवेज बस स्टैंड को शहर से बाहर स्थानांतरित करने के लिए भूमि चिन्हांकन की प्रक्रिया तेज करने तथा जिला अस्पताल में पार्किंग व्यवस्था सुदृढ़ करने को कहा गया।
जिलाधिकारी ने ‘राहवीर योजना’ पर विशेष जोर देते हुए कहा कि सड़क दुर्घटनाओं में घायलों की मदद करने वाले नेक नागरिकों की सूची तैयार कर उन्हें सार्वजनिक रूप से सम्मानित किया जाएगा, ताकि समाज में सकारात्मक संदेश प्रसारित हो सके।
बैठक में पुलिस अधीक्षक पलाश बंसल, अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व) कुमार धर्मेंद्र, अपर पुलिस अधीक्षक शिवराज सिंह, लोक निर्माण विभाग के अधिशासी अभियंता सहित स्वास्थ्य, परिवहन एवं विद्युत विभाग के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Angry
0
Sad
0
Wow
0
