बांदा महोत्सव 2025 : 'सांस्कृतिक धरोहर, लोक कला, उद्योग एवं विकास' की थीम पर भव्य आयोजन

उत्तर प्रदेश पर्यटन एवं संस्कृति विभाग और जिला प्रशासन के संयुक्त प्रयास से 22 और 23 मार्च, 2025 को बांदा...

Mar 22, 2025 - 14:11
Mar 22, 2025 - 14:16
 0  784
बांदा महोत्सव 2025 : 'सांस्कृतिक धरोहर, लोक कला, उद्योग एवं विकास' की थीम पर भव्य आयोजन

उत्तर प्रदेश की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत को प्रस्तुत करता है बांदा महोत्सव- जयवीर सिंह  

लखनऊ। उत्तर प्रदेश पर्यटन एवं संस्कृति विभाग और जिला प्रशासन के संयुक्त प्रयास से 22 और 23 मार्च, 2025 को बांदा महोत्सव का भव्य आयोजन किया जा रहा है। दो दिवसीय बांदा महोत्सव का आयोजन राजकीय इंटर कॉलेज के मैदान में हो रहा है, जिसमें दर्शकों को भक्तिमय और सांस्कृतिक प्रस्तुतियां देखने को मिलेंगी। उत्तर प्रदेश के पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री जयवीर सिंह ने कहा, 'बांदा महोत्सव बुंदेलखंड की सांस्कृतिक विरासत को प्रस्तुत करने का विशिष्ट मंच है, जो 'विकास व विरासत' के मूल मंत्र को चरितार्थ करता है।'

बांदा महोत्सव 2025 के अंतर्गत आयोजित सांस्कृतिक कार्यक्रमों में कलाकारों की भव्य प्रस्तुति होगी। 'सांस्कृतिक धरोहर, लोक कला, उद्योग एवं विकास' की थीम पर आयोजित महोत्सव में दर्शकों को बुंदेलखंडी लोकनृत्य, पारंपरिक संगीत और रंगारंग सांस्कृतिक प्रस्तुतियां देखने को मिलेंगी। महोत्सव में प्रकाश द्विवेदी, श्रीमती ओममणि वर्मा, विधान परिषद सदस्य बाबू लाल तिवारी, जितेंद्र सिंह सेंगर, जिलाधिकारी बांदा जेo रीभा सहित अन्य की गरिमामय उपस्थिति रहेगी।       

उत्तर प्रदेश के पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री जयवीर सिंह ने संदेश में कहा, 'बांदा महोत्सव का हिस्सा बनें और अपनी संस्कृति से जुड़ें। यह ऐसा अवसर है, जहां आप परंपराओं से रूबरू होंगे और यादगार अनुभव अपने साथ ले जाएंगे। स्ट्रीट फूड, पारंपरिक व्यंजन और स्थानीय पकवानों के साथ घूमने का मजा दोगुना हो जाएगा। बच्चों के लिए झूले, खेल, एडवेंचर एक्टिविटीज उपलब्ध हैं, वहीं गीता ज्ञान, भजन संध्या और प्रेरणादायक प्रवचन सभी आयु वर्ग के लोगों को आकर्षित करेगा।'

बांदा महोत्सव में प्रसिद्ध कॉमेडियन सुनील पाल और राजन श्रीवास्तव हास्य से सराबोर करेंगे, वहीं गायिका शहनाज अख्तर और उस्मान मीर सुर से समां बांधेंगे। इंडियन आइडल फेम कुलदीप चौहान बेहतरीन परफॉर्मेंस से लोगों को मंत्रमुग्ध करेंगे। इसके अलावा, स्थानीय कलाकारों की मनमोहक प्रस्तुतियां भी महोत्सव को खास बनाएंगी।

पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री जयवीर सिंह ने अपने संदेश में कहा, 'बांदा महोत्सव जैसे आयोजन के माध्यम से प्रदेश की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत को बढ़ावा मिलता है। इस प्रकार के आयोजनों से न केवल स्थानीय कलाकारों को मंच मिलता है, बल्कि पर्यटन को भी प्रोत्साहन मिलता है। उत्तर प्रदेश पर्यटन के क्षेत्र में तेजी से विकास कर रहा है, ऐसे महोत्सव राज्य की विरासत को बढ़ावा देने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।'

What's Your Reaction?

Like Like 2
Dislike Dislike 1
Love Love 0
Funny Funny 1
Angry Angry 0
Sad Sad 0
Wow Wow 1