यूपी में 24 घंटे में 363 पीसीएस अधिकारियों का तबादला, बांदा के चार एसडीएम भी हुए स्थानांतरित

सरकार ने 24 घंटे के भीतर दूसरी तबादला सूची जारी करते हुए 181 पीसीएस अधिकारियों का स्थानांतरण कर दिया है...

Jul 13, 2026 - 16:50
Jul 13, 2026 - 16:56
 0  157
यूपी में 24 घंटे में 363 पीसीएस अधिकारियों का तबादला, बांदा के चार एसडीएम भी हुए स्थानांतरित

योगी सरकार की दूसरी तबादला सूची जारी, प्रदेशभर में प्रशासनिक फेरबदल से मचा हलचल

बांदा/लखनऊ। उत्तर प्रदेश की योगी सरकार ने प्रशासनिक व्यवस्था को और अधिक प्रभावी बनाने के उद्देश्य से बड़े स्तर पर पीसीएस अधिकारियों के तबादले किए हैं। सरकार ने 24 घंटे के भीतर दूसरी तबादला सूची जारी करते हुए 181 पीसीएस अधिकारियों का स्थानांतरण कर दिया है। इससे पहले जारी सूची में 182 अधिकारियों के तबादले किए गए थे। इस तरह महज एक दिन के भीतर कुल 363 पीसीएस अधिकारियों, जिनमें बड़ी संख्या में उप जिलाधिकारी (एसडीएम) शामिल हैं, का तबादला किया गया है।

ताजा आदेश के अनुसार बांदा जनपद से भी चार उप जिलाधिकारियों का स्थानांतरण किया गया है। एसडीएम नमन मेहता को गोरखपुर, इरफान उल्लाह को कानपुर देहात, राहुल द्विवेदी को मेरठ तथा शशि भूषण को बलिया भेजा गया है। इसके अलावा प्रदेश के विभिन्न जिलों में भी एसडीएम सहित अन्य पीसीएस अधिकारियों को नई जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं।

सरकार का कहना है कि इस व्यापक प्रशासनिक फेरबदल का उद्देश्य शासन-प्रशासन की कार्यक्षमता को मजबूत करना, विकास कार्यों में तेजी लाना और कानून-व्यवस्था को और अधिक प्रभावी बनाना है। सभी स्थानांतरित अधिकारियों को शीघ्र कार्यभार ग्रहण करने के निर्देश दिए गए हैं।

लगातार दो दिनों में हुए इस बड़े तबादला अभियान को प्रदेश के हालिया वर्षों के सबसे बड़े प्रशासनिक फेरबदल में से एक माना जा रहा है। प्रशासनिक और राजनीतिक गलियारों में इस फैसले को लेकर व्यापक चर्चा बनी हुई है।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Angry Angry 0
Sad Sad 0
Wow Wow 0