उत्तर प्रदेश दिवस पर बांदा में ‘विकसित भारत–विकसित उत्तर प्रदेश’ की संकल्पना को मिला नया आयाम
उत्तर प्रदेश दिवस के अवसर पर शुक्रवार को कलेक्ट्रेट सभागार में ‘विकसित भारत–विकसित उत्तर प्रदेश’ की संकल्पना को साकार करने हेतु एक भव्य...
कलेक्ट्रेट सभागार में भव्य कार्यक्रम, गौ सेवा आयोग के अध्यक्ष श्याम बिहारी गुप्ता ने किया आह्वान—“गांवों को आत्मनिर्भर बनाना ही विकास का आधार”
बांदा। उत्तर प्रदेश दिवस के अवसर पर शुक्रवार को कलेक्ट्रेट सभागार में ‘विकसित भारत–विकसित उत्तर प्रदेश’ की संकल्पना को साकार करने हेतु एक भव्य एवं गरिमामय कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता उत्तर प्रदेश गौ सेवा आयोग के अध्यक्ष श्याम बिहारी गुप्ता ने की। उन्होंने जनपद के विभिन्न विभागों द्वारा लगाए गए स्टॉलों का फीता काटकर शुभारंभ किया।
इस अवसर पर अध्यक्ष श्री गुप्ता ने उत्तर प्रदेश दिवस की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि बांदा ऋषि-मुनियों की तपोभूमि है और हम सभी सौभाग्यशाली हैं कि भारत जैसे महान देश में जन्म लिया है। उन्होंने बुंदेलखंड प्रभारी के रूप में उपस्थित अधिकारियों, जनप्रतिनिधियों एवं आमजन से आह्वान किया कि “चलो गांव की ओर” की भावना के साथ गांवों को विकसित करना ही हमारा लक्ष्य होना चाहिए।
उन्होंने वर्षा जल संरक्षण, गौ आधारित व जैविक खेती, मिलेट्स उत्पादन, जल संचयन और “एक पेड़ मां के नाम” जैसे अभियानों को अपनाने पर जोर दिया। साथ ही कहा कि जुलाई माह में गोबर से बने गमलों में पौधरोपण कर नर्सरी विकसित की जाए, तभी विकसित भारत का सपना साकार होगा।
चित्रकूटधाम मंडल बांदा के मंडलायुक्त अजीत कुमार ने कहा कि बुंदेलखंड के विकास के साथ उत्तर प्रदेश और फिर भारत को विकसित बनाना हमारा लक्ष्य है। उन्होंने अधिकारियों व कर्मचारियों से आत्मनिष्ठा, ईमानदारी और पारदर्शिता के साथ कार्य करते हुए सरकारी योजनाओं को अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने का आह्वान किया। उत्तर प्रदेश दिवस को उन्होंने सेवा, संकल्प और उत्तरदायित्व का प्रतीक बताया।
विधायक नरैनी श्रीमती ओममणि वर्मा ने उत्तर प्रदेश दिवस की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि वर्ष 2017 के बाद प्रदेश में कार्यक्रमों को भव्यता के साथ मनाया जा रहा है। उन्होंने कहा कि शिक्षा, स्वास्थ्य, कृषि, सड़क सहित विभिन्न क्षेत्रों में उल्लेखनीय प्रगति हुई है और उत्तर प्रदेश निरंतर उत्तम प्रदेश की ओर अग्रसर है।
कार्यक्रम के दौरान प्रदेश सरकार की विभिन्न योजनाओं के लाभार्थियों को प्रशस्ति पत्र एवं सम्मान प्रदान किए गए। किसान सम्मान निधि, प्राकृतिक खेती, मुख्यमंत्री विश्वकर्मा श्रम सम्मान योजना, मुख्यमंत्री आवास योजना, एनआरएलएम, पर्यटन, पुलिस, फायर सेवा, निराश्रित महिला पेंशन, स्वामी विवेकानंद योजना के अंतर्गत स्मार्ट फोन वितरण तथा मुख्यमंत्री उद्यमी विकास अभियान के तहत ऋण चेक वितरित किए गए।
कार्यक्रम में नगर पालिका अध्यक्ष श्रीमती मालती गुप्ता, पुलिस उप महानिरीक्षक राजेश एस, जिलाधिकारी श्रीमती जे. रीभा, पुलिस अधीक्षक पलाश बंसल, मुख्य विकास अधिकारी अजय कुमार पांडेय, एमएलसी प्रतिनिधि आलोक सिंह सहित जनप्रतिनिधि, अधिकारीगण व बड़ी संख्या में लोग उपस्थित रहे। कार्यक्रम का संचालन श्रीमती अर्चना भारती द्वारा किया गया।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Angry
0
Sad
0
Wow
0
