योगी सरकार की बड़ी सौगात: बांदा में NH-76 से परमपुरवा मार्ग का 20.56 करोड़ से हो रहा चौड़ीकरण
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की विकासपरक नीतियों के तहत बुंदेलखंड में सड़क संपर्क व्यवस्था लगातार मजबूत की जा रही है। इसी क्रम में बांदा जिले के लिए एक और महत्वपूर्ण...
7 किलोमीटर सड़क का तेजी से हो रहा कायाकल्प, 40% कार्य पूरा
जनवरी 2027 तक पूरा होगा प्रोजेक्ट, ग्रामीणों को मिलेगा बेहतर आवागमन
दुरेड़ी, इटवा और लोहरा समेत सैकड़ों गांवों को मिलेगा सीधा लाभ
बांदा। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की विकासपरक नीतियों के तहत बुंदेलखंड में सड़क संपर्क व्यवस्था लगातार मजबूत की जा रही है। इसी क्रम में बांदा जिले के लिए एक और महत्वपूर्ण परियोजना पर तेजी से कार्य चल रहा है। झांसी-मिर्जापुर राष्ट्रीय राजमार्ग-76 (NH-76) से परमपुरवा संपर्क मार्ग के चौड़ीकरण एवं सुदृढ़ीकरण का कार्य युद्धस्तर पर जारी है। लोक निर्माण विभाग इस परियोजना को निर्धारित समय सीमा के भीतर पूरा करने के लिए लगातार कार्य कर रहा है।
करीब 7 किलोमीटर लंबे इस मार्ग का निर्माण दुरेड़ी, इटवा और लोहरा सहित कई ग्रामीण क्षेत्रों से होकर किया जा रहा है। परियोजना पर 20 करोड़ 56 लाख रुपये की लागत स्वीकृत की गई है। सड़क को आधुनिक मानकों के अनुरूप चौड़ा एवं मजबूत बनाया जा रहा है, जिससे क्षेत्र की यातायात व्यवस्था में बड़ा सुधार होगा।
लोक निर्माण विभाग के अनुसार, इस महत्वाकांक्षी परियोजना का कार्य 14 जनवरी 2026 से शुरू हुआ था और अब तक लगभग 40 प्रतिशत निर्माण कार्य पूरा किया जा चुका है। विभाग ने परियोजना को 13 जनवरी 2027 तक पूरा करने का लक्ष्य निर्धारित किया है तथा गुणवत्ता के साथ समयबद्ध निर्माण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं।
सड़क निर्माण पूरा होने के बाद क्षेत्र के लोगों को आवागमन में बड़ी सुविधा मिलेगी। किसानों को अपनी कृषि उपज मंडियों तक पहुंचाने में आसानी होगी, वहीं ग्रामीण क्षेत्रों की कनेक्टिविटी बेहतर होने से आर्थिक गतिविधियों को भी गति मिलेगी। स्थानीय लोगों का मानना है कि यह परियोजना क्षेत्र के विकास में मील का पत्थर साबित होगी और बांदा के ग्रामीण अंचलों को नई विकास गति प्रदान करेगी।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Angry
0
Sad
0
Wow
0
