बांदा में अवैध कोचिंग सेंटरों पर प्रशासन की बड़ी कार्रवाई
जनपद में कोचिंग संस्थानों की सुरक्षा और वैधानिक व्यवस्थाओं की जांच के लिए बुधवार को प्रशासनिक अधिकारियों ने संयुक्त रूप से निरीक्षण अभियान चलाया...
बिना पंजीकरण संचालित पांच कोचिंग सेंटर बंद, एक को किया गया सील
बांदा। जनपद में कोचिंग संस्थानों की सुरक्षा और वैधानिक व्यवस्थाओं की जांच के लिए बुधवार को प्रशासनिक अधिकारियों ने संयुक्त रूप से निरीक्षण अभियान चलाया। निरीक्षण के दौरान कई कोचिंग सेंटर बिना पंजीकरण और आवश्यक सुरक्षा मानकों के संचालित पाए गए, जिस पर प्रशासन ने सख्त कार्रवाई करते हुए उन्हें तत्काल बंद करा दिया।
अपर जिलाधिकारी (नमामि गंगे)/सचिव बांदा विकास प्राधिकरण, जिला विद्यालय निरीक्षक एवं मुख्य अग्निशमन अधिकारी की संयुक्त टीम ने शहर के विभिन्न कोचिंग संस्थानों का निरीक्षण किया। जांच में मैथमेटिक्स बाई अंकित गुप्ता, फिजिक्स बाई इं. आदित्य, मैथमेटिक्स बाई आदित्य, इंग्लिश बाई जी.डी. तथा बायोलॉजी बाई अनिल द्विवेदी के कोचिंग सेंटर बिना पंजीकरण संचालित पाए गए।
निरीक्षण के दौरान यह भी पाया गया कि कोचिंग सेंटरों में प्रवेश और निकास के लिए अलग-अलग द्वार नहीं थे। साथ ही अग्निशमन सुरक्षा से संबंधित उपकरणों का अभाव था और न ही अग्निशमन विभाग से अनापत्ति प्रमाण पत्र (एनओसी) प्राप्त किया गया था। इन गंभीर कमियों को देखते हुए प्रशासन ने संबंधित कोचिंग सेंटरों को तत्काल बंद कराने की कार्रवाई की, जबकि एक कोचिंग सेंटर को सील कर दिया गया।
इसके अलावा बिजली खेड़ा क्षेत्र में संचालित एक पुस्तकालय का भी निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान मिली कमियों को तत्काल दूर करने अथवा पुस्तकालय बंद करने के निर्देश दिए गए। पुस्तकालय संचालक ने शीघ्र ही सभी कमियों को दूर कराने का आश्वासन दिया।
प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि सुरक्षा मानकों की अनदेखी करने वाले संस्थानों के खिलाफ आगे भी अभियान जारी रहेगा और नियमों का उल्लंघन पाए जाने पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Angry
0
Sad
0
Wow
0
