व्यापार मंडल ने नगर समस्याओं को लेकर एसडीएम को सौंपा ज्ञापन
भारतीय उद्योग व्यापार मण्डल के नेतृत्व में नगर के व्यापारियों ने विभिन्न जनसमस्याओं को लेकर मुख्यमंत्री को संबोधित ज्ञापन एसडीएम...
अतिक्रमण हटाने में पारदर्शिता, रिंग रोड और पेयजल योजना शुरू कराने की मांग
राठ (हमीरपुर)। भारतीय उद्योग व्यापार मण्डल के नेतृत्व में नगर के व्यापारियों ने विभिन्न जनसमस्याओं को लेकर मुख्यमंत्री को संबोधित ज्ञापन एसडीएम राठ को सौंपा। ज्ञापन में अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई पारदर्शी एवं समान रूप से करने की प्रमुख मांग उठाई गई।
जिलाध्यक्ष ब्रजेश गुप्ता के नेतृत्व में पहुंचे व्यापारियों ने एसडीएम अभिमन्यु कुमार को ज्ञापन देते हुए बताया कि नगर की जनसंख्या लगभग डेढ़ लाख से अधिक है, लेकिन सुविधाएं जनसंख्या के अनुपात में नहीं हैं, जिससे आमजन को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।
चौड़ीकरण में भेदभाव न हो, सबके साथ समान व्यवहार
व्यापारियों ने मुख्य मार्ग के चौड़ीकरण कार्य में किसी प्रकार का भेदभाव न किए जाने की मांग की। उन्होंने कहा कि अतिक्रमण हटाने की प्रक्रिया में सभी के साथ समान व्यवहार सुनिश्चित किया जाए।
जाम से निजात के लिए रिंग रोड जरूरी
ज्ञापन में नगर को जाम की समस्या से राहत दिलाने के लिए रिंग रोड निर्माण की मांग भी प्रमुखता से उठाई गई। व्यापारियों का कहना है कि रिंग रोड बनने से हमीरपुर, उरई, चरखारी मार्ग तथा ग्रामीण अंचलों को जोड़ने वाले रास्तों को सुविधा मिलेगी और बाहरी यातायात नगर के भीतर प्रवेश किए बिना सुगमता से संचालित हो सकेगा।
स्वामी ब्रह्मानंद पेयजल परियोजना शुरू कराने की मांग
व्यापार मंडल ने नगर की वर्षों से बंद पड़ी स्वामी ब्रह्मानंद पेयजल परियोजना को शीघ्र चालू कराने की भी मांग की। उनका कहना है कि लगभग 10 वर्षों से परियोजना बंद होने के कारण हर वर्ष गर्मियों में पेयजल संकट गहरा जाता है।
इस दौरान स्वर्णकार धर्मशाला के अध्यक्ष सुरेश सोनी, निवर्तमान अध्यक्ष ब्रजभूषण दाऊ, बुंदेलखंड प्रभारी ब्रजेंद्र सोनी उर्फ भोले, वरिष्ठ जिला उपाध्यक्ष आनंद सोनी (बब्बे), नीरज गुप्ता, मनीष गौतम, धर्मेंद्र साह (खुल्ले), प्रशांत गुप्ता, मनोज गुप्ता (चिल्ली वाले), सागर सर्राफ, अजय गुप्ता, श्रीकांत द्विवेदी (भोले), दिनेश गुप्ता, पंकज सोनी (विसट), शिवप्रसाद गुप्ता, सत्यम गुप्ता, शैलेन्द्र व्यास सहित अनेक व्यापारी उपस्थित रहे।
रिपोर्ट : अमित निगम, (राठ) हमीरपुर...
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Angry
0
Sad
0
Wow
0
