'उत्तर प्रदेश आम महोत्सव-2026' में गूंजा यूपी के आमों का स्वाद, बागवानों के हित में सरकार प्रतिबद्ध : केशव प्रसाद मौर्य

उत्तर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने शनिवार को राजभवन, लखनऊ में आयोजित 'उत्तर प्रदेश आम महोत्सव-2026' के अंतर्गत क्रेता-विक्रेता सम्मेलन...

Jul 4, 2026 - 16:04
Jul 4, 2026 - 16:08
 0  11
'उत्तर प्रदेश आम महोत्सव-2026' में गूंजा यूपी के आमों का स्वाद, बागवानों के हित में सरकार प्रतिबद्ध : केशव प्रसाद मौर्य

राजभवन में क्रेता-विक्रेता सम्मेलन का शुभारंभ, उत्कृष्ट बागवान हुए सम्मानित, 800 से अधिक आम की प्रजातियों का प्रदर्शन

लखनऊ। उत्तर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने शनिवार को राजभवन, लखनऊ में आयोजित 'उत्तर प्रदेश आम महोत्सव-2026' के अंतर्गत क्रेता-विक्रेता सम्मेलन (Buyer-Seller Meet) का दीप प्रज्ज्वलित कर शुभारंभ किया। इस अवसर पर उन्होंने प्रदेश के उत्कृष्ट बागवानी करने वाले प्रगतिशील किसानों को सम्मानित करते हुए कहा कि उत्तर प्रदेश आम उत्पादन के क्षेत्र में देश का अग्रणी राज्य है।

उपमुख्यमंत्री ने बताया कि प्रदेश में प्रतिवर्ष 61.94 लाख मीट्रिक टन आम का उत्पादन होता है, जो देश के कुल आम उत्पादन का लगभग 26.22 प्रतिशत है। उन्होंने कहा कि दशहरी, लंगड़ा, चौसा, लखनऊ सफेदा, रटौल और आम्रपाली जैसी उत्तर प्रदेश की प्रसिद्ध आम की किस्में अपनी मिठास के कारण देश-विदेश में पहचान बना चुकी हैं।

उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में डबल इंजन सरकार आम उत्पादन, प्रसंस्करण, विपणन और निर्यात को बढ़ावा देने के लिए निरंतर कार्य कर रही है। किसानों को बेहतर बाजार और अधिक लाभ दिलाने के लिए विभागों, वैज्ञानिकों और निर्यातकों के बीच समन्वय स्थापित किया जा रहा है।

श्री मौर्य ने बताया कि एपीडा (APEDA) के माध्यम से वर्ष 2025-26 में 3,563 मीट्रिक टन आम एवं मैंगो पल्प का निर्यात किया गया है। सरकार का लक्ष्य आगामी वर्षों में निर्यात क्षमता को और बढ़ाकर प्रदेश के बागवानों को वैश्विक बाजारों से जोड़ना है।

महोत्सव में 1,501 प्रतिभागियों ने हिस्सा लिया, जिनमें आम उत्पादक किसान, स्वयं सहायता समूह, फूड प्रोसेसर, निर्यातक, कृषि वैज्ञानिक और शोधकर्ता शामिल रहे। कार्यक्रम का प्रमुख आकर्षण आम की 800 से अधिक दुर्लभ एवं व्यावसायिक प्रजातियों की प्रदर्शनी रही, जिसने आगंतुकों का विशेष ध्यान आकर्षित किया।

कार्यक्रम में राज्यपाल, उद्यान एवं कृषि विपणन राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) दिनेश प्रताप सिंह, जनप्रतिनिधियों, वरिष्ठ अधिकारियों, कृषि वैज्ञानिकों तथा प्रदेशभर से आए प्रगतिशील किसानों और बागवानों की गरिमामयी उपस्थिति रही।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Angry Angry 0
Sad Sad 0
Wow Wow 0