जानकीकुंड चिकित्सालय में दिल्ली के दो वरिष्ठ फिजिशियन देंगे सेवाएं, चित्रकूटवासियों को मिलेगी बड़ी राहत
परम पूज्य संत रणछोड़ दास जी महाराज द्वारा स्थापित श्री सद्गुरु सेवा संघ ट्रस्ट चित्रकूट के अंतर्गत संचालित जानकीकुंड चिकित्सालय...
अब सामान्य और गंभीर बीमारियों के इलाज के लिए बाहर नहीं जाना पड़ेगा, श्री सद्गुरु सेवा संघ ट्रस्ट की नई पहल
चित्रकूट। परम पूज्य संत रणछोड़ दास जी महाराज द्वारा स्थापित श्री सद्गुरु सेवा संघ ट्रस्ट चित्रकूट के अंतर्गत संचालित जानकीकुंड चिकित्सालय में अब देश की राजधानी दिल्ली के प्रतिष्ठित चिकित्सालयों में सेवाएं दे चुके दो वरिष्ठ जनरल फिजिशियन अपनी निरंतर सेवाएं देंगे। इससे चित्रकूट और आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों के लोगों को बेहतर चिकित्सा सुविधाएं स्थानीय स्तर पर उपलब्ध हो सकेंगी।
श्री सद्गुरु सेवा संघ ट्रस्ट के ट्रस्टी एवं डायरेक्टर डॉ. इलेश जैन ने जानकारी देते हुए बताया कि चित्रकूट क्षेत्र के ग्रामीण इलाकों में चिकित्सा सुविधाओं का लंबे समय से अभाव बना हुआ था। विशेष रूप से जनरल मेडिसिन से जुड़ी बीमारियों के इलाज के लिए मरीजों को बाहर के बड़े शहरों का रुख करना पड़ता था, जिससे समय और धन दोनों की भारी समस्या होती थी। इसी को देखते हुए ट्रस्ट बोर्ड ने निर्णय लिया कि क्षेत्रवासियों को बेहतर चिकित्सा सुविधा स्थानीय स्तर पर उपलब्ध कराई जाए।
उन्होंने बताया कि ट्रस्ट के प्रथम अध्यक्ष स्वर्गीय अरविंद भाई मफतलाल एवं ट्रस्टी एवं निदेशक रहे पद्मश्री स्वर्गीय डॉ. बी.के. जैन का सपना था कि ग्रामीण अंचल के लोगों को भी महानगरों जैसी स्वास्थ्य सुविधाएं मिलें। इसी उद्देश्य को आगे बढ़ाते हुए दिल्ली के दो अनुभवी चिकित्सकों को जानकीकुंड चिकित्सालय से जोड़ा गया है।
जानकीकुंड चिकित्सालय की वरिष्ठ जनरल सर्जन डॉ. पूनम आडवाणी ने बताया कि अब फेफड़ों की गंभीर बीमारियां, फैटी लीवर, मलेरिया, डेंगू, मधुमेह, हृदय रोग, ब्लड प्रेशर, कोलेस्ट्रॉल, माइग्रेन, बुखार, संक्रमण, एलर्जी एवं खून की कमी जैसी सामान्य एवं जटिल बीमारियों का इलाज स्थानीय स्तर पर संभव हो सकेगा।
उन्होंने बताया कि डॉ. जैनेश जैन एमबीबीएस, एमडी एवं डीएनबी मेडिसिन हैं और अब तक नई दिल्ली के राममनोहर लोहिया चिकित्सालय में अपनी सेवाएं दे रहे थे। वहीं डॉ. धर्मेंद्र सिंह ने आजाद मेडिकल कॉलेज दिल्ली से एमडी करने के बाद हमदर्द इंस्टीट्यूट ऑफ मेडिकल साइंस एंड रिसर्च, दिल्ली में करीब आठ वर्षों तक सेवाएं दी हैं।
अब इन दोनों विशेषज्ञ चिकित्सकों के चित्रकूट में नियमित सेवाएं देने से क्षेत्र के लोगों को सामान्य बीमारियों के इलाज के लिए बाहर नहीं जाना पड़ेगा। इस पहल से क्षेत्रवासियों में खुशी और उत्साह का माहौल है तथा लोग इसे ग्रामीण स्वास्थ्य सेवाओं के लिए एक बड़ा कदम मान रहे हैं।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Angry
0
Sad
0
Wow
0
