गोवंश संरक्षण और चारागाहों को कब्जा मुक्त करना प्राथमिकता : मंत्री
प्रदेश सरकार के पशुधन, दुग्ध विकास एवं राजनैतिक पेंशन मंत्री धर्मपाल सिंह ने विकास भवन सभागार में विभागीय मण्डलीय समीक्षा बैठक की...
मृत गौवंशों को गौशाला के अंदर ही निस्तारण के दिए निर्देश
चित्रकूट। प्रदेश सरकार के पशुधन, दुग्ध विकास एवं राजनैतिक पेंशन मंत्री धर्मपाल सिंह ने विकास भवन सभागार में विभागीय मण्डलीय समीक्षा बैठक की। बैठक में जिला पंचायत अध्यक्ष अशोक जाटव, मुख्य विकास अधिकारी डीपी पाल, भाजपा जिलाध्यक्ष महेंद्र सिंह कोटार्य मौजूद रहे।
मंत्री ने कहा कि निराश्रित गोवंश का संरक्षण मुख्यमंत्री की प्राथमिकता में है। उन्होंने स्पष्ट किया कि कृषि और पशुपालन एक दूसरे के पूरक हैं। प्रधानमंत्री के विजन को साझा करते हुए उन्होंने कहा कि किसानों की आय वृद्धि के लिए पशुपालन मुख्य आधार है। मंत्री ने पुरानी सभ्यता का स्मरण कराते हुए गौशाला, पाठशाला और व्यायामशाला के महत्व पर जोर दिया। राजस्व और पुलिस विभाग को निर्देशित किया कि सरकारी चारागाहों की भूमि को तत्काल कब्जा मुक्त कराकर वहां हरा चारा लगवाया जाए। नवाचार के सम्बन्ध में मंडलीय अधिकारियों से जानकारी ली। जिस पर महोबा पशु चिकित्सा अधिकारी ने बताया कि जिलाधिकारी के निर्देशन में विकसित हो रहे काऊ टूरिज्म मॉडल की सराहना की। निर्देश दिए कि इसे अन्य धार्मिक क्षेत्रों में भी लागू किया जाए और स्कूली बच्चों को इसके भ्रमण के लिए प्रोत्साहित किया जाए। मंत्री ने चित्रकूट में संतों के लिए एक विशेष गौशाला के साथ जनपद में दो नई गौशालाओं के निर्माण की स्वीकृति प्रदान की। मुख्य विकास अधिकारी को नस्ल सुधार पर विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए गए। साथ ही गोबर और गोमूत्र से उत्पाद बनाकर आय बढ़ाने तथा मुर्गी पालन, सूकर पालन व बकरी पालन में स्वरोजगार को बढ़ावा देने पर बल दिया। सभी खंड विकास अधिकारियों को निर्देश दिए गए कि ठंड के मौसम में गौशालाओं में त्रिपाल और चारे की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित करें।
मंत्री ने नगर पालिका अधिशासी अधिकारी को कान्हा गौशाला के बेहतर प्रबंधन तथा बासी रोटी संग्रहण के लिए ई-रिक्शा के प्रभावी संचालन के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट कहा कि मृत गोवंश का निस्तारण ससम्मान गौशाला परिसर के भीतर ही गड्ढा खोदकर किया जाए। प्राथमिकता से बीमार गौवंशों के इलाज के लिए कहा। इस अवसर पर मण्डल के सभी मुख्य पशु चिकित्सा अधिकारी, खंड विकास अधिकारी, डीसी मनरेगा, अपर मुख्या अधिकारी पंचायत, जिला पंचायत राज अधिकारी सहित संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Angry
0
Sad
0
Wow
0
