पुलिस अधीक्षक ने किया थाना कोतवाली देहात का वार्षिक निरीक्षण, दिए आवश्यक दिशा-निर्देश

शनिवार को पुलिस अधीक्षक बांदा पलाश बंसल द्वारा थाना कोतवाली देहात का वार्षिक निरीक्षण किया गया...

Dec 20, 2025 - 15:32
Dec 20, 2025 - 15:33
 0  9
पुलिस अधीक्षक ने किया थाना कोतवाली देहात का वार्षिक निरीक्षण, दिए आवश्यक दिशा-निर्देश

बांदा। शनिवार को पुलिस अधीक्षक बांदा पलाश बंसल द्वारा थाना कोतवाली देहात का वार्षिक निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान थाना अभिलेखों, शस्त्रागार, मिशन शक्ति केंद्र सहित पूरे थाना परिसर की साफ-सफाई एवं व्यवस्थाओं का गहन अवलोकन किया गया और संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।
निरीक्षण के दौरान पुलिस अधीक्षक ने अपराधों की समीक्षा करते हुए निर्देशित किया कि वांछित अभियुक्तों की शीघ्र गिरफ्तारी सुनिश्चित की जाए तथा लंबित विवेचनाओं का त्वरित एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण कर प्रभावी पैरवी के माध्यम से अभियुक्तों को जल्द से जल्द सजा दिलाई जाए।

शस्त्रागार के निरीक्षण के दौरान शस्त्रों के रख-रखाव एवं साफ-सफाई की स्थिति का जायजा लिया गया। वहीं मिशन शक्ति केंद्र का निरीक्षण कर अभियान के तहत चलाए जा रहे जागरूकता कार्यक्रमों की प्रगति की जानकारी ली गई। पुलिस अधीक्षक ने निर्देश दिए कि मिशन शक्ति अभियान को स्कूलों, कॉलेजों, बाजारों एवं सार्वजनिक स्थानों पर व्यापक स्तर पर संचालित कर महिलाओं व बालिकाओं को अधिक से अधिक जागरूक किया जाए।

इसके अलावा लंबित प्रार्थना पत्रों की जांच कर उनके शीघ्र निस्तारण के निर्देश दिए गए। थाना कार्यालय, अभिलेख, मालखाना, शस्त्रागार, हवालात, सीसीटीएनएस कक्ष, महिला हेल्प डेस्क, कंप्यूटर कक्ष तथा थाना परिसर की साफ-सफाई का भी गहन निरीक्षण किया गया।

निरीक्षण के दौरान प्रभारी निरीक्षक मरका को थाना परिसर की स्वच्छता बनाए रखने तथा कर्मचारियों के साथ नियमित रूप से सैनिक सम्मेलन आयोजित कर उनकी समस्याओं के समाधान हेतु निर्देशित किया गया।

निरीक्षण उपरांत पुलिस अधीक्षक ने उपस्थित चौकीदारों से संवाद कर उनकी समस्याएं सुनीं और मौके पर ही उनके निस्तारण के प्रयास किए। साथ ही उनके कार्यों की सराहना करते हुए कर्तव्यों का निष्ठापूर्वक निर्वहन करने एवं क्षेत्र में कानून-व्यवस्था बनाए रखने में पुलिस का सहयोग करने के लिए प्रेरित किया।

इस अवसर पर अपर पुलिस अधीक्षक बांदा शिवराज, सहायक पुलिस अधीक्षक/क्षेत्राधिकारी नगर सुश्री मेविस टॉक सहित अन्य अधिकारी एवं कर्मचारीगण उपस्थित रहे।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Angry Angry 0
Sad Sad 0
Wow Wow 0