कालिंजर महोत्सव की तैयारियों को लेकर कलेक्ट्रेट में समीक्षा बैठक
जनपद बांदा में 15 से 17 फरवरी 2026 तक आयोजित होने वाले तीन दिवसीय कालिंजर महोत्सव के सफल एवं भव्य आयोजन को लेकर सोमवार को कलेक्ट्रेट...
15 से 17 फरवरी तक होगा तीन दिवसीय आयोजन, अधिकारियों को दिए गए समयबद्ध कार्य पूर्ण करने के निर्देश
बांदा। जनपद बांदा में 15 से 17 फरवरी 2026 तक आयोजित होने वाले तीन दिवसीय कालिंजर महोत्सव के सफल एवं भव्य आयोजन को लेकर सोमवार को कलेक्ट्रेट सभागार में अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व) कुमार धर्मेंद्र की अध्यक्षता में संबंधित जिला स्तरीय अधिकारियों के साथ पुनः समीक्षा बैठक आयोजित की गई।
बैठक के दौरान अपर जिलाधिकारी ने महोत्सव की तैयारियों की बिंदुवार समीक्षा करते हुए सभी विभागों को आपसी समन्वय के साथ कार्य करते हुए समयबद्ध ढंग से तैयारियां पूर्ण करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि कालिंजर महोत्सव जनपद की सांस्कृतिक, ऐतिहासिक एवं पर्यटन विरासत को राष्ट्रीय पहचान दिलाने का सशक्त माध्यम है, इसलिए आयोजन को सुव्यवस्थित, सुरक्षित एवं सफल बनाया जाना अत्यंत आवश्यक है।
बैठक में सुरक्षा व्यवस्था, यातायात प्रबंधन, विद्युत आपूर्ति, पेयजल व्यवस्था, स्वच्छता, स्वास्थ्य सेवाएं, सांस्कृतिक कार्यक्रमों की रूपरेखा, कलाकारों की व्यवस्था, मंच एवं सजावट, मीडिया समन्वय सहित अन्य महत्वपूर्ण बिंदुओं पर विस्तार से चर्चा की गई। संबंधित विभागों को अपने-अपने दायित्वों का निष्ठापूर्वक निर्वहन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।
अपर जिलाधिकारी ने पुलिस विभाग को कानून-व्यवस्था सुदृढ़ रखने, स्वास्थ्य विभाग को आपातकालीन चिकित्सा सेवाएं उपलब्ध कराने, नगर पालिका को साफ-सफाई एवं प्रकाश व्यवस्था सुदृढ़ करने तथा लोक निर्माण विभाग को संपर्क मार्गों की स्थिति बेहतर बनाए रखने के निर्देश दिए। साथ ही संस्कृति एवं पर्यटन विभाग से जुड़े अधिकारियों को कार्यक्रमों की गुणवत्ता एवं समयबद्धता सुनिश्चित करने को कहा गया।
इस अवसर पर अपर जिलाधिकारी ने जनपदवासियों से विशेष अपील करते हुए बताया कि कालिंजर महोत्सव के दौरान प्रतिदिन दोपहर 1:00 बजे से 3:00 बजे तक कला के विभिन्न क्षेत्रों में प्रतिभाशाली बच्चों को मंच प्रदान किया जाएगा। ऐसे बच्चे जो आर्ट से संबंधित किसी भी विधा में प्रतिभाग करना चाहते हैं, वे पंजीकरण एवं आवश्यक जानकारी हेतु बेसिक शिक्षा अधिकारी (बीएसए) कार्यालय में संपर्क कर सकते हैं। चयनित प्रतिभागियों को महोत्सव के मुख्य मंच पर अपनी कला प्रतिभा प्रस्तुत करने का अवसर मिलेगा।
उन्होंने कहा कि बच्चों की सहभागिता से महोत्सव और अधिक जीवंत, प्रेरणादायक एवं जनसरोकारों से जुड़ा बनेगा।
बैठक में विभिन्न विभागों के जिला स्तरीय अधिकारी उपस्थित रहे।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Angry
0
Sad
0
Wow
0
